Pak Army vs Police Face-off: अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पाकिस्तानी सेना और पाकिस्तानी पुलिस के बीच एक बड़े टकराव का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो से पहलगाम आतंकी हमले के बीच पाकिस्तान में आंतरिक सुरक्षा का तनाव उजागर हुआ है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत में पश्तून पुलिस अधिकारियों ने पाकिस्तानी सेना के काफिले को पुलिस स्टेशन में घुसने से रोक दिया। एक पुलिस अधिकारी ने छत पर खड़े होकर सेना के जवानों पर हथियार तान दिया।
आपका जनरल भी आ जाए ....
एक पुलिस अधिकारी कह रहा है, इधर क्या कर रहे हो। आपका जनरल भी आ जाए फिर भी कुछ नहीं कर सकते हो। पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, यह लक्की मरवत (Lakki Marwat) पुलिस है। याद रखना। यह पहली बार नहीं है जब लक्की मरवत में पुलिस और सेना के बीच सीधी भिड़त हुई है। पिछले साल, उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान प्रांत की पुलिस इकाइयों ने इस अशांत क्षेत्र से सैन्य और खुफिया एजेंसियों को वापस बुलाने की मांग को लेकर हड़ताल की थी। सैकड़ों पुलिसकर्मियों ने सिंधु राजमार्ग को ब्लॉक कर दिया था, जो उत्तर-पश्चिम में पेशावर को दक्षिणी बंदरगाह शहर कराची से जोड़ता है। बन्नू, डेरा इस्माइल खान और टैंक सहित आसपास के जिलों के पुलिस अधिकारी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे।
दबाव के बीच टकराव
टकराव का ये वाकया ऐसे समय पर हुआ है जब पाकिस्तान पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर भारत और अंतरराष्ट्रीय दबाव का सामना कर रहा है। भारत ने सिंधु जल संधि को निलंबित करने और पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए वीजा को रद्द करने जैसे कई कदम उठाए हैं। दोनों परमाणु-सशस्त्र पड़ोसियों के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से बात की और उनसे 22 अप्रैल को कश्मीर में हुए हमले की निंदा करने और जांच में सहयोग करने को कहा।
