Earthquake in Myanmar: रविवार को भारत सहित तीन देशों में भूकंप के चार झटके आए। सबसे पहले मध्य म्यांमार के छोटे से शहर मीकटिला के निकट रविवार सुबह 5.5 तीव्रता का भूकंप आया। वहीं, तजाकिस्तान में भूकंप के दो झटके आए जिसने लोगों मेंं दहशत पैदा कर दी। इसके अलावा हिमाचल के मंडी में भी धरती हिली है।
अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण ने कहा कि म्यांमार में भूकंप ऐसे समय में आया है जब देश 28 मार्च को आए 7.7 तीव्रता के भीषण भूकंप के बाद राहत कार्य में जुटा है। नवीनतम भूकंप का केंद्र म्यांमार के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले और राजधानी नेपीता के बीच था, जहां पिछले माह आए भूकंप में भारी क्षति हुई थी और लोग हताहत हुए थे।
बड़ा नुकसान नहीं
नए भूकंप से किसी बड़े नुकसान या किसी के हताहत होने की तत्काल कोई खबर नहीं है। यह 28 मार्च के भूकंप के बाद आए सैकड़ों झटकों में से सबसे शक्तिशाली था। म्यांमा की सैन्य सरकार के प्रवक्ता मेजर जनरल जॉ मिन तुन के अनुसार, शुक्रवार तक भूकंप में मरने वालों की संख्या 3,649 थी तथा 5,018 लोग घायल हुए थे।
दहशत में घरों से निकले लोग
म्यांमा के मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को भूकंप मांडले से 97 किलोमीटर दक्षिण में वुंडविन टाउनशिप के क्षेत्र में 20 किलोमीटर की गहराई पर आया। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण ने इसकी गहराई 7.7 किलोमीटर आंकी है। वुंडविन के दो निवासियों ने फोन पर एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि भूकंप इतना शक्तिशाली था कि लोग इमारतों से बाहर निकल आए और कुछ घरों की छतें क्षतिग्रस्त हो गईं।
तजाकिस्तान में भी दहशत
म्यांमार के बाद तजाकिस्तान में भी जोरदार भूकंप के झटके आए। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.1 मापी गई। पिछले 24 घंटे में दूसरी बार तजाकिस्तान की धरती भूकंप के झटकों से हिली है। इससे लोग दहशत में आ गए हैं। हालांकि भूकंप से किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं आई।
मंडी में भी भूकंप
वहीं, हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में रविवार को 3.4 तीव्रता का मध्यम स्तर का भूकंप आया। मौसम विभाग ने बताया कि सुबह 9:18 बजे मंडी शहर के पास आए भूकंप का केंद्र जमीन से पांच किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप का केंद्र मंडी क्षेत्र में 31.49 डिग्री अक्षांश और 76.94 डिग्री देशांतर पर स्थित था। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के किसी भी हिस्से से अब तक जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं मिली है। मंडी जिला भूकंपीय क्षेत्र पांच में आता है और यह उच्च जोखिम वाला क्षेत्र है।
