Libya Flood News: लीबिया के पूर्वी शहर डेरना में विनाशकारी बाढ़ में मारे गए लोगों की तादाद लगातार बढ़ रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार अब तक इस बाढ़ से 5300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 हजार लोगों के लापता हैं। डेरना शहर का एक चौथाई हिस्सा बर्बाद हो चुका है। इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ रेडक्रॉस और रेड क्रिसेंट सोसाइटीज के लीबिया के दूत टैमर रमदान ने बताया है कि बाढ़ के बाद से 10 हजार लोग लापता हैं।
लीबिया में बाढ़ से तबाही, डेरना में मरने वालों की संख्या 5300 से अधिक।
डेरना में मरने वालों की संख्या 5300 से अधिक
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद अबू-लामोशा ने बताया है कि डेरना में मरने वालों की तादाद 5300 से अधिक हो गई है। इससे पहले एंबुलेंस प्राधिकरण ने बताया था कि मरने वालों की संख्या 2300 है। अधिकारियों ने पहले अनुमान लगाया था कि अकेले डेरना में 2,000 से अधिक लोगों की मौत की आशंका है। फिर एम्बुलेंस और आपातकालीन प्राधिकरण ने कहा था कि डेरना में लगभग 2,300 लोग मारे गए हैं। अब गृह मंत्रालय की ओर से ये जानकारी आई है कि बाढ़ में 5300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
पूर्वी लीबिया के कई शहरों में बाढ़ ने मचाई भारी तबाही
बचाव टीम बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से और शवों को निकालने के लिए संघर्ष कर रही हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि रविवार रात भूमध्यसागर से उठे तूफान ‘डेनियल’ के कारण हुई बारिश के चलते अचानक आई बाढ़ ने पूर्वी लीबिया के कई शहरों में भारी तबाही मचाई, लेकिन डेरना शहर में सबसे अधिक नुकसान हुआ। डेरना में भारी बारिश और बाढ़ के चलते बांध टूट गए, जिनका पानी आसपास के इलाकों में फैल गया। पूर्वी लीबिया की सरकार के स्वास्थ्य मंत्री उस्मान अब्दुल जलील ने मंगलवार को कहा था, 'हालात भयावह हैं। (शहर के) कई हिस्सों में शव जमीन पर पड़े हुए हैं। अस्पताल शवों से भरे पड़े हैं। कुछ ऐसे स्थान है, जहां हम अभी नहीं पहुंच पाए हैं।'
लीबिया बाढ़ से तबाही, 10 हजार लोग लापता
लीबिया में बाढ़ के चलते तबाह हुए एक तटीय शहर में बचाव टीम मलबे से शवों को निकालने में संघर्ष कर रही है। मानवाधिकार एजेंसी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। ‘इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ रेड क्रॉस’ और ‘रेड क्रिसेंट सोसाइटीज’ में लीबिया के दूत तामीर रमदान ने कहा था कि अभूतपूर्व बाढ़ के बाद 10,000 लोग लापता हैं। ट्यूनीशिया से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र ब्रीफिंग में पत्रकारों से उन्होंने कहा कि मरने वालों की संख्या ‘बहुत ज्यादा’ है और आने वाले दिनों में इसके हजारों तक पहुंचने की आशंका है।
