Canada Funds Khalistani terror groups: कनाडा में हिंसक खालिस्तानी आंदोलन के लगातार बढ़ते प्रभाव के बीच, एक सरकारी रिपोर्ट से पता चला है कि इस चरमपंथी समूह को देश के भीतर से वित्तीय मदद मिल रही है, जिसका यह गलत इस्तेमाल कर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, खालिस्तानी हिंसक चरमपंथी समूहों सहित कई आतंकवादी संस्थाओं को देश में राजनीतिक रूप से प्रेरित हिंसा से जुड़ी गतिविधियों के लिए कनाडा से वित्तीय सहायता मिल रही है। कनाडा के वित्त विभाग द्वारा जारी की गई इस सरकारी रिपोर्ट का शीर्षक है, ' 2025 Assessment of Money Laundering and Terrorist Financing Risks in Canada' (कनाडा में मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवादी वित्तपोषण जोखिमों का 2025 आकलन)
बब्बर खालसा को सबसे ज्यादा धन मिला
रिपोर्ट में खालिस्तानी हिंसक चरमपंथियों को सीधे तौर पर 'आतंकवादी संस्थाएं' बताया गया है और कहा गया है कि इस समूह को कनाडा से वित्तीय सहायता मिल रही है। रिपोर्ट के अनुसार, बब्बर खालसा इंटरनेशनल और इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन उन खालिस्तानी समूहों में शामिल हैं जिन्हें कनाडा से सबसे ज्यादा धन प्राप्त हुआ है।
हमास, हिजबुल्लाह का भी जिक्र
रिपोर्ट में कहा गया है, 'कनाडा में आपराधिक कोड के तहत सूचीबद्ध कई आतंकवादी संगठन, जो राजनीतिक रूप से प्रेरित हिंसक उग्रवाद (PMVE) श्रेणी में आते हैं, जैसे हमास, हिजबुल्लाह और खालिस्तानी हिंसक उग्रवादी समूह बब्बर खालसा इंटरनेशनल और इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन, इनको कानून प्रवर्तन और खुफिया एजेंसियों ने कनाडा से वित्तीय सहायता प्राप्त करते हुए पाया है।'
भारत के पंजाब में...
रिपोर्ट में, सरकार ने स्वीकार किया कि खालिस्तानी चरमपंथी समूह 'भारत के पंजाब में एक स्वतंत्र राज्य स्थापित करने के लिए हिंसक तरीकों' का सहारा ले रहे हैं। इसमें यह भी स्पष्ट किया गया है कि रिपोर्ट में दर्ज खालिस्तानी समूहों को कनाडा सहित विभिन्न देशों में धन जुटाने से प्रतिबंधित किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है, 'इन समूहों का पहले कनाडा में एक बड़ा धन उगाहने वाला नेटवर्क था, लेकिन अब ऐसा लगता है कि इसमें कमी आई है।
