ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने प्रधानमंत्री पद और लेबर पार्टी के नेतृत्व से इस्तीफा देने के बाद अब सांसद के पद से भी हटने का फैसला किया है। इस बाबत किएर ने मंगरवार को घोषणा कर दी। उन्होंने एलान किया कि वह लंदन की Holborn and St Pancras संसदीय सीट से सांसद के रूप में इस्तीफा देंगे। ब्रिटिश मीडिया के मुताबिक उनके इस फैसले के बाद अब सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा।
'अब दूसरी चीजों पर ध्यान दूंगा'
सांसद पद से हटने के फैसले का एलान करते समय स्टार्मर ने अपने भविष्य का भी प्लान बताया। उन्होंने कहा कि सांसद की जिम्मेदारी से हटने के बाद अब वे अपना ध्यान दूसरे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "मैं अब दूसरी चीजों पर ध्यान दूंगा। इसमें तेजी से बदलती दुनिया में अंतरराष्ट्रीय मामले, रक्षा, सुरक्षा, व्यापार और तकनीक शामिल हैं।" स्टार्मर ने यह फैसला ऐसे समय लिया है जब उनके प्रधानमंत्री पद से इस्तीफे के बाद यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि क्या वह सांसद बने रहेंगे।
पहले कहा था- अगले आम चुनाव तक सांसद रहूंगा
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री पद से इस्तीफे के बाद स्टार्मर ने बीबीसी से कहा था कि वह अगले आम चुनाव तक सांसद बने रहेंगे। हालांकि, मंगलवार को दिए गए बयान में उन्होंने कहा कि अब वह बैटन अपने उत्तराधिकारी को सौंपने के लिए तैयार हैं।" इस दौराम उन्होंने महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा से निपटने के अपने अभियान को भी जारी रखने की बात कही।
2015 में पहली बार बने थे सांसद
कीएर स्टार्मर साल 2015 में ब्रिटेन की संसद पहुंचे थे। इससे पहले वह Director of Public Prosecutions (DPP) के पद पर रह चुके थे, जो ब्रिटेन की सार्वजनिक अभियोजन व्यवस्था का शीर्ष पद है।
जून में दे दिया था पीएम पद से इस्तीफा
उन्होंने 2019 में लेबर पार्टी का नेतृत्व संभाला और 2024 के आम चुनाव में पार्टी को बड़ी जीत दिलाकर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बने। हालांकि, सरकार बनने के बाद उनकी लोकप्रियता में तेजी से गिरावट आई और पार्टी को जनमत सर्वेक्षणों में भी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। स्टार्मर ने इस साल जून में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद एंडी बर्नहैम ने उनकी जगह ली और 20 जुलाई को प्रधानमंत्री पद संभाला।
एक दशक में इस्तीफा देने वाले छठे ब्रिटिश PM
स्टार्मर पिछले एक दशक में प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले ब्रिटेन के छठे प्रधानमंत्री बने। प्रधानमंत्री पद छोड़ने के बाद अब सांसद के पद से भी हटने का उनका फैसला ब्रिटिश राजनीति में एक और बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
Holborn and St Pancras सीट पर होगा उपचुनाव
उनके इस्तीफे के बाद Holborn and St Pancras सीट पर उपचुनाव होगा। इस बीच नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम मंगलवार को पहली बार हाउस ऑफ कॉमन्स में सांसदों का सामना करेंगे। प्रधानमंत्री पद संभालने के करीब छह सप्ताह बाद बर्नहैम के लिए यह संसद में पहला बड़ा राजनीतिक परीक्षण होगा।
