Voter Adhikar Yatra: बिहार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी (दाएं) और राजद नेता तेजस्वी यादव (बाएं) (फोटो साभार: @INCIndia)
नड्डा ने क्या कुछ कहा?
नड्डा ने एक वीडियो संदेश जारी कर गांधी और तेजस्वी यादव को 'दो बिगड़ैल राजकुमार' कहा, जिन्होंने बिहार और इसकी संस्कृति को बदनाम किया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दोनों नेताओं को देश से माफी मांगनी चाहिए। सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप सामने आया है जिसमें कुछ अज्ञात लोगों को यात्रा के दौरान मंच से मोदी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए सुना जा सकता है।
कहां का है वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो कथित तौर पर दरभंगा जिले का है, जहां से बुधवार सुबह यात्रा शुरू हुई थी, जब राहुल गांधी, उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और राजद नेता तेजस्वी यादव मोटरसाइकिल पर मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुए थे। 'टाइम्स नाउ नवभारत' इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता।
राहुल पर बरसे शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना को देश के लोकतंत्र पर एक 'धब्बा' करार दिया। गृह मंत्री ने 'एक्स' पर लिखा, ''बिहार के दरभंगा में माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और उनकी दिवंगत माताजी के लिए कांग्रेस और राजद के मंच से जिस प्रकार गालियों से भरी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है, वह न केवल निंदनीय है, बल्कि हमारे लोकतंत्र को भी कलंकित करने वाला है।''
