दुनिया

रूस के खिलाफ यूक्रेन पहली बार अमेरिका की इन मिसाइलों का करेगा इस्तेमाल, राष्ट्रपति बाइडन ने दे दी मंजूरी

World News: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन को रूस के खिलाफ अमेरिका की लंबी दूरी की मिसाइलों के इस्तेमाल को पहली बार मंजूरी दी है। रूस-यूक्रेन युद्ध इन दिनों नए मोड़ पर आ चुका है। एक दिन पहले ही रूस ने यूक्रेन के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर 120 मिसाइलों और 90 ड्रोन से हमला किया।

Image

बाइडन ने यूक्रेन को रूस पर अमेरिका की लंबी दूरी की मिसाइलों के इस्तेमाल को पहली बार मंजूरी दी।

America on Russia-Ukraine War: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन को रूस पर हमला करने के लिए अमेरिका द्वारा दी गयी लंबी दूरी की मिसाइलों के इस्तेमाल को पहली बार अनुमति दी। मामले से वाकिफ लोगों ने यह जानकारी दी। बाइडन द्वारा लिया गया यह निर्णय अमेरिका की नीति में एक बड़ा बदलाव है।

कार्यकाल खत्म होने से ठीक पहले बाइडन ने लिया ये फैसला

यह फैसला ऐसे समय में आया है जब मौजूदा राष्ट्रपति बाइडन का कार्यकाल खत्म होने वाला है और राष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित डोनाल्ड ट्रंप पहले ही यूक्रेन को दिये जाने वाले अमेरिकी समर्थन को सीमित करने तथा युद्ध को जल्द से जल्द समाप्त करने की बात कह चुके हैं।

सूत्र के अनुसार, यूक्रेन पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के हमले के फैसले के समर्थन में उत्तर कोरिया ने हजारों सैनिकों को रूस भेजने का फैसला किया है, जिसके जवाब में संभवत: इन मिसाइलों का इस्तेमाल का निर्णय लिया गया है।

रूस ने यूक्रेन पर 120 मिसाइलों और 90 ड्रोन से हमला किया

रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर रविवार को बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई। रूस के इस हमले को हाल के महीनों में यूक्रेन पर किया गया सबसे भीषण हमला बताया जा रहा है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब इस बात की आशंका बढ़ रही है कि मॉस्को की मंशा सर्दियों के मौसम से पहले यूक्रेन की बिजली उत्पादन क्षमता को नष्ट करने की है।

राष्ट्रपति जेलेंस्की इस हमले से जुड़ी जानकारी साझा की

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने यूक्रेन में बड़े पैमाने पर हमला करते हुए कुल 120 मिसाइलें और 90 ड्रोन दागे। जेलेंस्की ने दावा किया कि हमले में विभिन्न प्रकार के ड्रोन का इस्तेमाल किया गया, जिनमें ईरान निर्मित शाहिद, साथ ही क्रूज, बैलिस्टिक और विमान से प्रक्षेपित बैलिस्टिक मिसाइलें भी शामिल हैं। जेलेंस्की ने ‘टेलीग्राम’ पर साझा किये गए एक बयान में कहा कि यूक्रेनी सुरक्षाबलों ने 140 मिसाइल और ड्रोन को मार गिराया।

जेलेंस्की ने कहा, 'दुश्मन का लक्ष्य यूक्रेन में हमारा ऊर्जा ढांचा था। टकराने और गिरने वाले मलबे से नुकसान पहुंचा है। माइकोलाइव में ड्रोन हमले के परिणामस्वरूप दो लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं।'

तीन महीनों में ड्रोन और मिसाइल का सबसे बड़ा संयुक्त हमला

कीव के सिटी सैन्य प्रशासन के प्रमुख सेरही पोपको के अनुसार ड्रोन और मिसाइल का संयुक्त हमला तीन महीनों में सबसे बड़ा था। फरवरी 2022 में मॉस्को द्वारा अपने पड़ोसी पर किए गए पूर्ण आक्रमण के बाद से रूसी हमलों ने यूक्रेन के बिजली के बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिसके कारण बार-बार आपातकालीन रूप से बिजली की कटौती की गई है।

यूक्रेन के अधिकारियों ने नियमित रूप से पश्चिमी सहयोगियों से आग्रह किया है कि वे हमलों का मुकाबला करने तथा मरम्मत के लिए देश की हवाई सुरक्षा को मजबूत करें। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार रविवार को यूक्रेन में राजधानी कीव, प्रमुख दक्षिणी बंदरगाह ओडेसा तथा देश के पश्चिमी और मध्य क्षेत्रों सहित पूरे यूक्रेन में विस्फोटों की आवाज सुनी गईं।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article