JD Vance Usha Vance Fourth Child: संयुक्त राज्य अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (JD Vance) और सेकंड लेडी उषा वेंस (Usha Vance) के घर एक बड़ी खुशखबरी आई है। रविवार सुबह उषा वेंस ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया है, जिसका नाम 'एलेक नील वेंस' (Alec Neel Vance) रखा गया है। यह इस जोड़े की चौथी संतान है।
इस बच्चे के जन्म के साथ ही अमेरिकी इतिहास का एक बेहद अनोखा और दुर्लभ रिकॉर्ड भी टूट गया है। पिछले 156 वर्षों में जेडी वेंस अमेरिका के पहले ऐसे 'सिटिंग' उपराष्ट्रपति बन गए हैं, जिनके कार्यकाल के दौरान उनके घर किसी बच्चे का जन्म हुआ है।
जेडी वेंस ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) और इंस्टाग्राम पर एक संयुक्त बयान जारी कर इस बात की घोषणा की। इस बयान पर सेकंड लेडी उषा वेंस के भी हस्ताक्षर हैं।
वेंस ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'हमें यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि आज सुबह हमारे बेटे 'एलेक नील वेंस' का जन्म हुआ है। उषा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ और खुश हैं। हमारे बाकी बच्चे अपने छोटे भाई से मिलने के लिए बेहद उत्साहित हैं।'
इसके साथ ही उपराष्ट्रपति दंपत्ति ने मैरीलैंड के बेथेस्डा स्थित 'वाल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर' के सैन्य डॉक्टरों और व्हाइट हाउस की मेडिकल टीम का उनकी बेहतरीन देखरेख के लिए तहे दिल से आभार व्यक्त किया है। एलेक नील अब वेंस परिवार के तीन बड़े भाई-बहनों- इवान (9 वर्ष), विवेक (6 वर्ष) और मिराबेल (4 वर्ष) के साथ शामिल होगा।
अमेरिकी इतिहास में 156 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
व्हाइट हाउस हिस्टोरिकल एसोसिएशन के आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में किसी शीर्ष पद पर आसीन अधिकारी के कार्यकाल के दौरान उनके परिवार में नया सदस्य जुड़ना बेहद दुर्लभ घटना है।
आखरी बार 1870 में हुआ था ऐसा: जेडी वेंस से ठीक 156 साल पहले सन 1870 में तत्कालीन राष्ट्रपति यूलिसिस एस. ग्रांट के कार्यकाल के दौरान उपराष्ट्रपति शूयलर कोलफैक्स और उनकी पत्नी एलेन वेड कोलफैक्स के घर उनके बेटे शूयलर कोलफैक्स III का जन्म हुआ था।
1829 का रिकॉर्ड: कोलफैक्स से भी पहले सन 1829 में उपराष्ट्रपति जॉन सी. कैलहौन के कार्यकाल के दौरान उनके बेटे विलियम का जन्म हुआ था। तब से लेकर अब तक इतिहास में ऐसा कभी नहीं देखा गया था।
'ज्यादा बच्चे पैदा करें अमेरिकी': वेंस
41 वर्षीय रिपब्लिकन फायरब्रांड नेता जेडी वेंस शुरू से ही अमेरिका में घटती जन्म दर को लेकर मुखर रहे हैं और देश के नागरिकों से अधिक बच्चे पैदा करने की वकालत करते रहे हैं। उपराष्ट्रपति बनने के बाद वॉशिंगटन में आयोजित 'मार्च फॉर लाइफ' रैली में उन्होंने मंच से कहा था, 'मैं संयुक्त राज्य अमेरिका में और अधिक बच्चे चाहता हूं।'
दिलचस्प बात यह है कि जेडी वेंस ने अपनी नई किताब में खुलासा किया था कि पिछले साल उनके करीबी दोस्त और दक्षिणपंथी कार्यकर्ता चार्ली किर्क की हत्या के बाद, उनकी पत्नी उषा का मन बदला और उन्होंने चौथे बच्चे के लिए सहमति दी थी।
