India Japan Ties: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुक्रवार से दो देशों की चार दिवसीय यात्रा की शुरुआत जापान से हो रही है। जापानी कलाकार पीएम मोदी का टोक्यो में बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। एक जापानी कलाकार ने कहा कि मैं अपने छात्रों संग पीएम मोदी का हिंदी में स्वागत करूंगी और उनकी अगवानी में 'पधारो म्हारे देस' गाने में नृत्य करेंगी।
एक अन्य जापानी कलाकार ने कहा, "मैं कुटियाट्टम कलाकार हूं, जो केरल की पारंपरिक संस्कृत नाट्य शैली है। मैं 30 से ज्यादा वर्षों से कुटियाट्टम की प्रैक्टिस कर रही हूं... हम यहां पीएम मोदी का स्वागत करने आए हैं।"
शिगेरू इशिबा से मिलेंगे PM मोदी
पीएम मोदी 29-30 अगस्त को जापान यात्रा के दौरान जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के साथ वार्षिक शिखर वार्ता करेंगे। पीएम मोदी की जापान और चीन की यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापार और शुल्क नीतियों के कारण भारत-अमेरिका संबंधों में तनाव पैदा हो गया है।
चार दिवसीय यात्रा पर रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा, "मुझे विश्वास है कि जापान और चीन की मेरी यात्राएं हमारे राष्ट्रीय हितों और प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाएंगी तथा क्षेत्रीय और वैश्विक शांति, सुरक्षा और सतत विकास को आगे बढ़ाने में सार्थक सहयोग के निर्माण में योगदान देंगी।" पीएम मोदी ने जापान यात्रा पर कहा, ‘‘हम अपनी विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के अगले चरण को आकार देने पर ध्यान केंद्रित करेंगे। दोनों देशों के बीच साझेदारी ने पिछले 11 वर्षों में लगातार और महत्वपूर्ण प्रगति की है।’’
