दुनिया

जापान में साने ताकाइची ने दर्ज की शानदार जीत, फिर बनाने जा रहीं सरकार, पीएम मोदी समेत वैश्विक नेताओं ने दी बधाई

जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री ताकाइची पिछले साल अक्टूबर में पार्टी का नेता चुने जाने के बाद सत्ता में आईं थीं। उन्होंने मात्र तीन-चार महीने के भीतर ही संसद का विघटन कर इस दुर्लभ विंटर चुनाव का ऐलान किया था। अब उनकी इस प्रचंड जीत को राजनीतिक विश्लेषक लोकतंत्र में जनता की स्पष्ट मंजूरी मान रहे हैं

Image

साने ताकाइची ने दर्ज की शानदार जीत। तस्वीर-AP

जापान में एक बार फिर साने ताकाइची के नेतृत्व वाली सरकार बनने जा रही है। यहां रविवार को हुए संसदीय चुनावों में सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) और उसके गठबंधन साथी जापान इनोवेशन पार्टी (Ishin) को शानदार जीत मिली है। शुरुआती परिणामों के अनुसार LDP अकेले ही 233 से अधिक सीटें जीतकर निचले सदन में बहुमत हासिल कर चुकी है, जबकि गठबंधन मिलाकर लगभग दो-तिहाई से अधिक सीटों पर कब्जा जमा लिया है। ताकाइची के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन को निचले सदन की 465 में से 312 सीटों पर जीत मिली है। यह बहुमत के आंकड़े 233 से काफी ज्यादा है। ताकाइची की इस जीत के बाद से वैश्विक नेता उन्हें बधाई दे रहे हैं। पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने इस जीत को शानदार बताया है।

ताकाइची, जो जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री हैं, वे पिछले साल अक्टूबर में पार्टी का नेता चुने जाने के बाद सत्ता में आईं थीं। उन्होंने मात्र तीन-चार महीने के भीतर ही संसद का विघटन कर इस दुर्लभ विंटर चुनाव का ऐलान किया था। अब उनकी इस प्रचंड जीत को राजनीतिक विश्लेषक लोकतंत्र में जनता की स्पष्ट मंजूरी मान रहे हैं, खासकर ताकाइची की आर्थिक और सुरक्षा नीतियों के लिए। साझेदार पार्टी के साथ मिलकर यह गठबंधन अब कानून बनाने और संसद में अपनी प्राथमिकताओं को बिना बड़े रोड़े के लागू करने में समर्थ होगा।

पीएम मोदी बोले-बधाई हो

जापान के आम चुनावों में प्रधानमंत्री साने ताकाइची की जीत को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपनी जापानी समकक्ष साने ताकाइची को प्रतिनिधि सभा के चुनावों में उनकी "ऐतिहासिक जीत" पर बधाई दी। पीएम मोदी ने X पर एक पोस्ट में कहा कि प्रतिनिधि सभा के चुनावों में आपकी ऐतिहासिक जीत पर बधाई। भारत-जापान की विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मुझे विश्वास है कि आपके सक्षम नेतृत्व में हम भारत-जापान मित्रता को और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।

इटली की प्रधानमंत्री ने भी दी जीत की बधाई

इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने ताकाइची को चुनावी सफलता पर बधाई दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में मेलोनी ने कहा कि चुनावों में मिली यह महत्वपूर्ण सफलता प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि इटली और जापान के बीच गहरी मित्रता और रणनीतिक साझेदारी है, जो दोनों सरकारों के बीच विश्वास और सहयोग से लगातार मजबूत हो रही है।

अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने की सराहना

वहीं, अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने भी ताकाइची की जीत की सराहना की। फॉक्स न्यूज से बातचीत में बेसेंट ने कहा कि प्रधानमंत्री ताकाइची ने अचानक चुनाव कराने का फैसला लिया और इसमें उन्हें बड़ी जीत हासिल हुई। उन्होंने इसे ताकाइची के नेतृत्व के लिए जनता का मजबूत समर्थन बताया।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article