Israel Target Lebanon: इजरायली सेना ने गुरुवार तड़के लेबनान के चौथे सबसे बड़े शहर टायर पर भारी बमबारी की, जिसमें कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। यह हमला हिजबुल्लाह के खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई के तहत किया गया, जबकि वॉशिंगटन में महत्वपूर्ण वार्ता होने वाली है। लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, हमलों में कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं। वहीं उत्तरी इजरायल में हिजबुल्लाह के ड्रोन हमले में एक इजरायली सैनिक की मौत हो गई। यह सैन्य तनाव तब और बढ़ गया जब इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेत्नयाहू ने लेबनान में सैन्य हमले बढ़ाने की घोषणा की। बताया जा रहा है कि यह कदम हिजबुल्लाह द्वारा फाइबर-ऑप्टिक विस्फोटक ड्रोन इस्तेमाल किए जाने के बाद उठाया गया, जिन्होंने लेबनान में इजरायली सैनिकों को निशाना बनाया और इजरायल के उत्तरी सीमावर्ती शहरों तक पहुंच बनाई।
लेबनान की राजधानी बेरूत को हमलों से दूर रखा
लेबनानी और इजरायली सैन्य अधिकारी शुक्रवार को अमेरिकी राजधानी वॉशिंगटन में पहली सुरक्षा वार्ता करने वाले हैं। इन वार्ताओं के चलते 17 अप्रैल से लागू संघर्षविराम को बढ़ाया गया है, हालांकि इसके बावजूद हमले तेज हो गए हैं। फिलहाल लेबनान की राजधानी बेरूत को इन हमलों से अलग रखा गया है।
हिजबुल्लाह ने इन वार्ताओं को खारिज कर दिया है और अपने प्रमुख सहयोगी ईरान का समर्थन किया है। ईरान ने पाकिस्तान की मध्यस्थता में अमेरिका के साथ होने वाली वार्ता के लिए लेबनान युद्ध समाप्त करने को शर्त बनाया है।
गुरुवार के हमलों से पहले इजरायली सेना के अरबी प्रवक्ता अवीचे अद्रायी ने भूमध्यसागर तटीय शहर टायर और आसपास के इलाकों में आठ इमारतों को लेकर चेतावनी जारी की थी, जिसके बाद कई लोग इलाके से पलायन कर गए।
इसके अलावा, सैदोन शहर में एक इजरायली ड्रोन ने उस अपार्टमेंट बिल्डिंग को निशाना बनाया जहां विस्थापित परिवार रह रहे थे।
सैदोन में रहने वाले मोहम्मद अल-घरबी ने बताया, 'मैं अपने कमरे में था तभी विस्फोट हुआ। दीवार का हिस्सा और टूटा हुआ शीशा मेरे ऊपर गिर पड़ा और सबकुछ अस्त-व्यस्त हो गया। जिस इमारत पर हमला हुआ उसमें छह फ्लैट थे, जहां दक्षिणी लेबनान से हमलों से बचने आए गरीब परिवार रह रहे थे, लेकिन यहां भी वे हमले का शिकार हो गए।'
बच्चों समेत कई लोग मारे गए
पास के तटीय कस्बे अदलौन में एक इजरायली ड्रोन ने भाग रहे एक परिवार की कार को निशाना बनाया, जिसमें बच्चों समेत छह लोगों की मौत हो गई। वहीं टायर के पास मोटरसाइकिल पर जा रहे दो लोगों की भी ड्रोन हमले में मौत हो गई। इजरायली सेना ने बताया कि उत्तरी इजरायल में हिजबुल्लाह के ड्रोन हमले में एक सैनिक मारा गया और दो रिजर्व सैनिक घायल हुए हैं। हिजबुल्लाह ने दावा किया है कि उसने दक्षिणी लेबनान और उत्तरी इजरायल में इजरायली सैनिकों को निशाना बनाकर दर्जनों ड्रोन और रॉकेट हमले किए हैं।
10 लाख से अधिक लोग विस्थापित, हजारों मारे गए
इस युद्ध के कारण लेबनान में 10 लाख से अधिक लोग विस्थापित हो चुके हैं। यह संघर्ष तब शुरू हुआ जब ईरान युद्ध शुरू होने के दो दिन बाद, 2 मार्च को हिजबुल्लाह ने ईरान के समर्थन में उत्तरी इजरायल पर रॉकेट दागे थे। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद से इजरायली हमलों में कम से कम 3,269 लोग मारे गए हैं और 9,800 से अधिक घायल हुए हैं। नेत्नयाहू के कार्यालय के अनुसार, दक्षिणी लेबनान और उसके आसपास कम से कम 23 इजरायली सैनिक और एक रक्षा ठेकेदार मारे गए हैं, जबकि उत्तरी इजरायल में दो नागरिकों की मौत हुई है। इनमें से ज्यादातर मौतें ड्रोन हमलों में हुईं।
