दुनिया

हिजबुल्ला सरगना के भाषण के दौरान इजराइल ने फिर किए हमले, IDF ने चेताया- लेबनान को भुगतने होंगे नतीजे

गुरुवार का हमला ऐसे समय हुआ जब हिजबुल्लाह नेता सैय्यद हसन नसरल्लाह इस सप्ताह के शुरू में ईरान समर्थित लेबनानी समूह पर हुए अनगिनत विस्फोटों के बाद पहली बार भाषण दे रहा था।

Image

हिजबुल्लाह पर हमला

Israel Strikes Lebanon: इजराइल का लेबनान के आतंकी समूह हिजबुल्लाह को निशाना बनाने का सिलसिला जारी है। इजराइल ने गुरुवार को भी हिजबुल्ला के कई ठिकानों को निशाना बनाते हुए बड़े पैमाने पर हमला किया। हमले की शुरुआत इजराइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने की, जिसके तुरंत बाद हिज्बुल्लाह सरगना नसरल्लाह ने देश में हाल के पेजर और वॉकी-टॉकी हमलों की निंदा करते हुए भाषण दिया था। उधर, आईडीएफ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि वह हिज्बुल्लाह की आतंकवादी क्षमताओं और बुनियादी ढांचे को कमजोर करने के लिए लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमला कर रहा है। दशकों से हिजबुल्लाह ने नागरिक घरों को हथियार बनाया है, उनके नीचे सुरंगें खोदी हैं और नागरिकों को मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल किया है, दक्षिणी लेबनान को युद्ध क्षेत्र में बदल दिया है।

अमेरिका और ब्रिटेन ने की संयम बरतने की अपील

इसमें कहा गया है, आईडीएफ उत्तरी इजराइल में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहा है ताकि लोगों को उनके घरों में लौटने और युद्ध के लक्ष्यों को प्राप्त करने में सक्षम बनाया जा सके। इस बीच, अमेरिका और ब्रिटेन ने दोनों युद्धरत पक्षों से संयम बरतने का आग्रह किया है। जहां अमेरिका ने कूटनीतिक समाधान का आह्वान करते हुए कहा कि यह संभव और जरूरी है, वहीं ब्रिटेन ने कहा कि इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच तत्काल युद्धविराम होना चाहिए।

नसरल्लाह के भाषण के दौरान हमले

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कैरिन जीन-पियरे के हवाले से कहा कि अमेरिका संभावित तनाव को लेकर डरा हुआ और चिंतित है। गुरुवार का हमला ऐसे समय हुआ जब हिजबुल्लाह नेता सैय्यद हसन नसरल्लाह इस सप्ताह के शुरू में ईरान समर्थित लेबनानी समूह पर हुए अनगिनत विस्फोटों के बाद पहली बार भाषण दे रहा था। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया कि जैसे ही प्रसारण शुरू हुआ, इजरायली युद्धक विमानों के विस्फोटों ने बेरूत में इमारतों को हिला दिया।

रात भर इजराइल ने किए हमले

रात भर इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में हवाई हमले करने की पुष्टि की और दोपहर तक हिजबुल्लाह ने बताया कि सीमा क्षेत्र पर बमबारी फिर से शुरू हो गई है। हिज़्बुल्लाह के संचार उपकरणों को निशाना बनाते हुए हमलों में 37 लोग मारे गए और लगभग 3,000 लोग घायल हुए हैं। इससे इस क्षेत्र में बड़े युद्ध की आशंका पैदा हो गई है। इजराइल पेजर और वॉकी-टॉकी हमलों को लेकर अब तक चुप है, न तो उसने जिम्मेदारी की पुष्टि की है और न ही इनकार कर रहा है। हालांकि, कहा जा रहा है कि इस ऑपरेशन को देश की खुफिया एजेंसी मोसाद ने अंजाम दिया था।

हिजबुल्ला देता रहा चेतावनी

उधर, अपने भाषण में नसरल्लाह ने इजराइल को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि हालिया हमलों को युद्ध की घोषणा कहा जा सकता है। नसरल्लाह ने कहा कि इजरायल ने हजारों पेजर विस्फोट करके सीमा पार कर दी है। दुश्मन सभी नियंत्रणों, कानूनों और नैतिकता से परे चला गया है। हमलों को युद्ध अपराध या युद्ध घोषणा या युद्ध माना जा सकता है। बता दें कि पिछले अक्टूबर में गाजा युद्ध शुरू होने के बाद से इजराइल और ईरान समर्थित हिजबुल्लाह के बीच सीमा पार से बड़ा संघर्ष छिड़ा हुआ है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article