दुनिया

वेस्ट बैंक को लेकर इजरायल का बड़ा प्लान, 2002 के बाद पहली बार इलाके में घुसे इजरायली टैंक

संघर्ष विराम समझौते के दो दिन बाद 21 जनवरी को इजराइल ने उत्तरी वेस्ट बैंक पर आक्रमण शुरू किया था। इजराइल-हमास युद्ध के दौरान वेस्ट बैंक में हिंसा बढ़ गई है।

Image

इजरायली सेना

Israel sends tanks into West Bank- हमास के साथ जारी युद्धविराम के बीच इजरायल ने कब्जे वाले वेस्ट बैंक में सख्ती शुरू कर दी है। इजराइली टैंक 2002 के बाद पहली बार कब्जे वाले वेस्ट बैंक में प्रवेश कर गए हैं। यह घटनाक्रम, इजराइल के रक्षा मंत्री के उस बयान के तुरंत बाद हुआ है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उसकी सेनाएं फलस्तीनी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में आगामी वर्ष तक मौजूद रहेंगी। एपी के अनुसार, रविवार को जेनिन में कुछ टैंकों को आते देखा। जेनिन लंबे समय से इजराइल के खिलाफ सशस्त्र संघर्ष का गढ़ रहा है।

2002 में की गई थी टैंकों की तैनाती

इस क्षेत्र में टैंकों की अंतिम तैनाती 2002 में की गई थी, जब इजराइल ने घातक फलस्तीनी विद्रोह का मुकाबला किया था। इजराइल फलस्तीनी क्षेत्र पर अपनी कार्रवाई को और तेज कर रहा है और उसने कहा है कि वह हमलों में बढ़ोतरी के बीच उग्रवाद को खत्म करने के लिए कटिबद्ध है। संघर्ष विराम समझौते के दो दिन बाद 21 जनवरी को इजराइल ने उत्तरी वेस्ट बैंक पर आक्रमण शुरू किया था। इजराइल-हमास युद्ध के दौरान वेस्ट बैंक में हिंसा बढ़ गई है।

निवासियों को वापस लौटने की अनुमति नहीं

इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि उन्होंने सेना को निर्देश दिया है कि वह आगामी वर्ष तक वेस्ट बैंक के कुछ शहरी शरणार्थी शिविरों में बने रहने के लिए तैयार रहे। काट्ज ने कहा कि उत्तरी पश्चिमी तट के तीन शिविरों से लगभग 40,000 फलस्तीनी विस्थापित हो गए हैं और अब ये खाली हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि सेना को शिविरों में लंबे समय तक रहने के लिए तैयार रहना है और निवासियों को वापस लौटने की अनुमति नहीं देनी है।

काट्ज ने यह टिप्पणी ऐसे समय में की है जब इजराइल फलस्तीनी क्षेत्र में आक्रमण तेज कर रहा है और गाजा युद्ध को रोकने वाला संघर्षविराम अब भी कायम है। वेस्ट बैंक से होने वाले फलस्तीनी हमलों में भी वृद्धि हुई है और गुरुवार देर रात इजराइल में तीन खाली बसों में विस्फोट हुए, जिसे पुलिस एक संदिग्ध आतंकवादी हमला मान रही है। गाजा में इजराइल-हमास युद्ध के दौरान वेस्ट बैंक में हिंसा बढ़ गई है। सात अक्टूबर, 2023 को दक्षिणी इजराइल पर हमास के हमले के साथ गाजा में युद्ध शुरू होने के बाद से वेस्ट बैंक में 800 से अधिक फलस्तीनी मारे गए हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article