Israel Lebanon Conflict: एक तरफ अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में शांति वार्ता हो रही है और दूसरी तरफ, इजरायल हिजबुल्लाह के ठिकानों पर बमबारी कर रहा है। पिछले 24 घंटे में इजरायल ने हिजबुल्लाह के 200 से ज्यादा ठिकानों को निशाना बनाया।
लेबनान पर लगातार हो रहे हमले
इजरायली सेना के मुताबिक, इजरायल की वायुसेना ने लेबनान में ईरान समर्थित हिजबुल्लाह के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया और जमीनी सेना दक्षिणी लेबनान में लगातार कार्रवाई कर रही है। इजरायली सेना का यह बयान ऐसे समय में आया है जब तेहरान, पाकिस्तान में अमेरिका के साथ शुरू हुई त्रिपक्षीय वार्ता में इजरायल के हमलों को रोकने पर जोर दे रहा है।
इससे पहले, लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी ने शनिवार को दक्षिणी लेबनान में इजरायली हमलों में कम से कम तीन लोगों के मारे जाने की सूचना दी थी। वहीं, लेबनान सीमा से लगे इजरायली इलाकों में दिनभर ड्रोन और रॉकेट हमलों की चेतावनी देने वाले सायरन बजते रहे, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
13 सुरक्षा बलों की मौत
अगले हफ्ते इजरायल और लेबनान की सरकारों के बीच शांति वार्ता शुरू होने से पहले तेल अवीव और लेबनानी उग्रवादी समूह हिजबुल्लाह ने शुक्रवार को एक-दूसरे के खिलाफ हमले तेज कर दिए। दक्षिणी लेबनान में इजरायल के हवाई हमलों में लेबनान के कम से कम 13 सुरक्षा बलों की मौत हो गई।
हिजबुल्लाह ने इजरायल के बंदरगाह शहर अशदोद में एक नौसैनिक ठिकाने को निशाना बनाने का दावा किया। इजरायल ने दक्षिणी लेबनान के कई कस्बों पर हमले किए, जिनमें नबातीह शहर का एक सरकारी इमारत पर भी शामिल है। उस हमले में सुरक्षाकर्मी मारे गए।
कब होगी इजरायल-लेबनान वार्ता?
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने कहा है कि उनके देश की इजरायल के साथ प्रत्यक्ष वार्ता मंगलवार से शुरू होगी। इजरायल ने गुरुवार को घोषणा की थी कि उसने लेबनान के अनुरोध के बाद प्रत्यक्ष वार्ता को मंजूरी दे दी है, लेकिन फोन पर बातचीत के बाद उसने तुरंत कोई बयान जारी नहीं किया।
हिजबुल्लाह ने इस घटनाक्रम पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की। हालांकि, वह इजरायल के साथ प्रत्यक्ष वार्ता का विरोध करता रहा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 40 दिन में युद्ध के दौरान लेबनान में इजरायली हमलों में 1,900 से अधिक लोग मारे गए हैं और 10 लाख से अधिक अन्य लोग विस्थापित हुए हैं।
