Israel Hezbollah War: हिजबुल्लाह के खिलाफ पेजर और अब तक के सबसे घातक हवाई हमने करने के बाद इजराइल अब आर-पार के मूड में है। खबर है कि इजराइल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ जमीनी हमले का ऐलान कर दिया है। इस बाबत इजराइली सेना प्रमुख ने अपने सैनिकों को निर्देश भी जारी किए हैं। एएफपी समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल के सेना प्रमुख ने अपने सैनिकों से लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ संभावित जमीनी हमले के लिए तैयार रहने को कहा है। यह खबर ऐसे समय आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने मध्य पूर्व में बड़े पैमाने पर युद्ध छिड़ने की आशंका जताई है।
इजराइल-हमास युद्ध
इस बीच इजराइली सेना ने कहा है कि IDF लेबनान में संभावित जमीनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। देश की उत्तरी सीमा पर सैनिकों को संबोधित करते हुए थल सेनाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल हेर्जी हालेवी ने कहा कि हालिया हवाई हमला लेबनान में दाखिल होने के लिए जमीन तैयार करने और हिज्बुल्ला को नेस्तानाबूत करने के लक्ष्य को सामने रख कर किया गया। उन्होंने कहा कि उत्तरी इजराइल के विस्थापित नागरिकों को उनके घरों में वापस भेजने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए, हम एक युद्धाभ्यास की प्रक्रिया तैयार कर रहे हैं।
इजराइल ने रिजर्व सैनिकों को सक्रिय किया
इजराइल की सेना ने कहा है कि वह हिजबुल्ला आतंकवादी समूह के साथ बढ़ते तनाव के मद्देनजर रिजर्व सैनिकों को सक्रिय कर रही है। बुधवार को की गई घोषणा से संकेत मिलता है कि इजराइल लेबनान स्थित समूह हिजबुल्ला के खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की योजना बना रहा है। यह घोषणा हिजबुल्ला द्वारा पहली बार तेल अवीव की ओर मिसाइल दागे जाने के कुछ घंटों बाद की गई है। इजराइल की सेना ने कहा कि वह उत्तरी क्षेत्र में जारी मिशन के लिए दो रिजर्व ब्रिगेड बुला रही है। सेना ने कहा कि इससे आतंकी संगठन हिजबुल्ला के खिलाफ लड़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी।
जंग का मैदान बनेगा मिडिल ईस्ट
उधर, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इजराइल और हिजबुल्ला के बीच तनाव बढ़ने के कारण बड़े पैमाने पर युद्ध छिड़ने की आशंका जताई है। हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे रक्तपात को रोकने के लिए कोई रास्ता निकाला जा सकता है। बाइडन ने चैनल एबीसी पर एक साक्षात्कार के दौरान यह बात कही। उनकी यह टिप्पणी लेबनान में इजराइल और ईरान समर्थित हिजबुल्ला आतंकवादियों के बीच कई दिनों से जारी गोलाबारी के बीच आई है। हिंसा में सैकड़ों लोग मारे गए हैं और पश्चिम एशिया में फिर से व्यापक युद्ध की आशंका पैदा हो गई है।
