दुनिया

ट्रंप की भी नहीं मान रहा इजरायल,दक्षिणी लेबनान में बड़े पैमाने पर किया ड्रोन अटैक; आठ की मौत

  • Agency by: Agency
  • Updated Jun 2, 2026, 07:40 PM IST

हिज्बुल्लाह और इजरायल के बीच तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ट्रंप की कोशिशों के बावजूद इजरायल ने आज क्षिणी लेबनान में बड़े पैमाने पर ड्रोन अटैक किया। जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई।

Image

लेबनान में इजराइल ने फिर किए हमले।

Photo : ANI

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कोशिशों के बाद भी इजरायल और हिजबुल्ला के बीच तनाव कम होता नहीं दिख रहा है। उनकी ओर से इजरायल और हिजबुल्ला के बीच तनाव कम होने के दावे के एक दिन बाद ही दक्षिणी लेबनान में इजरायल ने बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए हैं। इनमें कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक पिता और उसके दो बच्चे भी शामिल हैं।

आठ लोगों की हुई मौत

लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार,मंगलवार को मरजायौन कस्बे को नबातीयेह शहर से जोड़ने वाली सड़क पर खड़ी एक कार को इजरायल ने ड्रोन से निशाना बनाया। इस हमले में कलाया शहर के निवासी और पेशे से दंत चिकित्सक जेम्स कैरम के साथ ही उनके दो बच्चों की मौत हो गई। इसके साथ ही जिबचित गांव में एक नर्सरी पर हुए ड्रोन हमले में दो सीरियाई नागरिक मारे गए। वहीं तोल गांव में हुए एक अन्य हमले में दो लोगों की जान चली गई। हारूफ गांव के पास एक कार पर किए गए हमले में भी एक व्यक्ति की मौत हुई। इसके साथ ही लेबनानी सेना ने बताया कि नबातीयेह के बाहरी इलाके में हुए एक ड्रोन हमले में सेना के दो जवान मामूली रूप से घायल हुए हैं।

इजरायल ने बेरूत में हमले की दी थी चेतावनी

इससे एक दिन पहले इजरायल ने बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हमले की चेतावनी दी थी, जिसके बाद राजधानी में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे। इसके जवाब में हिजबुल्ला ने उत्तरी इजरायल की ओर कई रॉकेट दागे थे।

ट्रंप ने नेतन्याहू से बात कर किया था ये दावा

बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बातचीत की थी। साथ ही मध्यस्थों के जरिए हिजबुल्ला नेतृत्व से भी संपर्क साधा गया था। ट्रंप ने दावा किया था कि दोनों पक्ष तनाव कम करने पर सहमत हो गए हैं और बेरूत में किसी सैन्य कार्रवाई की जरूरत नहीं पड़ेगी।

कल भी छह लोगों की हुई थी मौत

हालांकि आज हुए हमलों ने इन प्रयासों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले सोमवार को दक्षिणी लेबनान के मारवानियेह गांव पर इजरायली हवाई हमले में छह लोगों की मौत हुई थी। उधर, हिजबुल्ला ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने सीमा से करीब सात किलोमीटर दूर हदाथा गांव के पास घुसपैठ की कोशिश कर रहे इजरायली सैनिकों पर टैंक रोधी मिसाइलें दागी हैं।

उत्तरी इजरायल के कई इलाकों में बजे हमले के सायरन

इजरायली सेना ने भी उत्तरी इजरायल के कई इलाकों में हवाई हमलों की चेतावनी देने वाले सायरन बजने की पुष्टि की है। सेना का कहना है कि दक्षिणी लेबनान में अभियान के दौरान एक सैन्य ठिकाने पर हमला हुआ, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। गौरतलब है कि अमेरिका की मध्यस्थता में अप्रैल में संघर्ष विराम समझौता हुआ था, लेकिन इसके बावजूद इजरायल और हिजबुल्ला के बीच हमलों का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे क्षेत्र में एक बार फिर व्यापक संघर्ष की आशंका बढ़ गई है।

End of Article