दुनिया

दो हिस्सों में बंट गया गाजा, इजरायल-हमास युद्ध में अबतक करीब 12 हजार लोगों की मौत; जानें अपडेट

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 6, 2023, 08:15 AM IST

Gaza Devide Into Two Part: इजराइल और हमास के बीच चल रहे युद्ध में बीते एक महीने से मौत के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं। इसी बीच इजराइली डिफेंस फोर्स के प्रवक्ता डेनियल हगारी ने दावा किया है कि उन्होंने गाजा को दो हिस्से में विभाजित कर दिया है। इसमें एक नॉर्थ जागा है, तो दूसरा साउथ गाजा है।

Image

इजराइली सेना ने गाजा को दो हिस्से में किया विभाजित।

Photo : AP

Israel Hamas War Update: बीते एक महीने का वक्त गुजर चुका है, मगर इजराइल और हमास के बीच युद्ध का सिलसिला बदस्तूर जारी है। दोनों पक्षों के बीच चल रहे इस युद्ध में करीब 12 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। ये जगजाहिर है कि इस युद्ध में सबसे ज्यादा नुकसान फिलिस्तीन को हुआ है, खासकर गाजा पट्टी में रह रहे लोगों की जिंदगी कब खत्म हो जाएगी, इसका किसी को भी अंदाजा नहीं है। इस बीच इजराइली सेना ने गाजा शहर को दो हिस्से में बांटने का दावा किया है।

दो हिस्से में बंटा गाजा, क्या है इजराइल का प्लान?

इजराइली डिफेंस फोर्स के प्रवक्ता डेनियल हगारी ने दावा किया है कि उन्होंने गाजा को दो हिस्से में विभाजित कर दिया है। इसमें एक नॉर्थ जागा है, तो दूसरा साइथ गाजा है। इजराइली सेना का दावा है कि गाजा शहर का पूरी तरह घेराव किया जा चुका है। अगले 48 घंटे इस युद्ध में बेहद अहम होने वाले हैं, जिस दौरान पूरी दुनिया की नजर इजराइल के सैनिकों पर होगी।

इजराइली विमानों ने गाजा में किया हमला

इजराइल के युद्धक विमानों ने मध्य गाजा पट्टी में रविवार को दो शरणार्थी शिविरों पर हमला किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इजराइल-हमास संघर्ष पर अपनी पश्चिम एशिया कूटनीति के तहत अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने रविवार को कब्जे वाले वेस्ट बैंक के रामल्ला का दौरा किया और फलस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास से मुलाकात की। इजराइल में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बातचीत करने के बाद, ब्लिंकन ने शनिवार को जॉर्डन में अरब देशों के विदेश मंत्रियों से मुलाकात की। नेतन्याहू ने जोर देकर कहा कि जब तक हमास द्वारा बंधक बनाए गए सभी बंधकों को रिहा नहीं किया जाता, तब तक कोई अस्थायी संघर्ष-विराम नहीं हो सकता।

इजराइली बमबारी रोकने की मांग और प्रदर्शन

अमेरिका ने आम नागरिकों को राहत देने के लिए इजराइल से कुछ वक्त के लिए हमले रोकने की अपील की थी, लेकिन इजराइल का कहना है कि वह गाजा में हमास शासकों को कुचलने के लिए अपने हमले जारी रखेगा। अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन, फ्रांस की राजधानी पेरिस, जर्मनी की राजधानी बर्लिन और अन्य यूरोपीय शहरों में फलस्तीन समर्थक हजारों लोगों ने गाजा में इजराइली बमबारी रोकने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ये प्रदर्शन इजराइल-हमास युद्ध में हताहत हुए लोगों की बढ़ती संख्या और गहराते मानवीय संकट को लेकर यूरोप के उन देशों में बढ़ रहे असंतोष को दर्शाते हैं, जहां मुस्लिम आबादी अधिक है। अमेरिका के विदेश मंत्री ब्लिंकन ने क्षेत्र की अपनी हालिया यात्रा के दौरान मानवीय मदद पहुंचाने के लिए कुछ देर हमले रोकने का प्रस्ताव रखा था, जिसे इजराइल ने अस्वीकार कर दिया है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार अबतक कितनी मौतें?

इजराइल के रक्षा मंत्री याओव गैलेंट ने कहा, 'गाजा पट्टी में रह रहा हर व्यक्ति अपनी जान को खतरे में डाल रहा है।' गाजा में हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इजराइल-हमास युद्ध में मारे गए फलस्तीनियों की संख्या बढ़कर 9,700 हो गई है। इजराइल में 1,400 से अधिक लोगों की मौत हुई है। इनमें से अधिकतर लोगों की मौत सात अक्टूबर को हमास के शुरुआती हमलों में हुई। इन्हीं हमलों के बाद से यह युद्ध शुरू हुआ। स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता अशरफ अल-किद्रा ने कहा कि रविवार तड़के मध्य गाजा के मघाजी शरणार्थी शिविर पर हुए हवाई हमले में कम से कम 40 लोग मारे गए और 34 लोग घायल हो गए। रिहाइशी इलाके में बनाया गया यह शिविर उस निकासी क्षेत्र में स्थित है, जहां इजराइल की सेना ने गाजा में फलस्तीनी नागरिकों से शरण लेने का आग्रह किया था, क्योंकि वह उत्तरी क्षेत्रों में अपने सैन्य आक्रमण पर ध्यान केंद्रित कर रही है। इस तरह की अपील के बावजूद, इजराइल ने हमास के लड़ाकों और उनकी संपत्तियों को नष्ट करने के लक्ष्य से पूरे गाजा में बमबारी जारी रखी है। इजराइल ने हमास पर आम नागरिकों का मानवीय ढाल के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।

फिलिस्तीनी ‘रेड क्रिसेंट’ बचाव सेवा ने कहा कि रविवार को एक अन्य हमले में गाजा शहर में अल-कुद्स अस्पताल के पास एक इमारत ध्वस्त हो गई। उसने एक वीडियो साझा किया, जिसमें चिकित्साकर्मी एक घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाते नजर आ रहे हैं और एक महिला एवं बच्चे उसके पीछे दौड़ रहे हैं। इजराइल-हमास युद्ध में हजारों फलस्तीनी नागरिकों की मौत की निंदा कर रहे अरब नेताओं ने शनिवार को तत्काल संघर्ष-विराम पर जोर दिया, जबकि अमेरिका के विदेश मंत्री ने आगाह किया कि ऐसा कदम प्रतिकूल होगा तथा इससे आतंकवादी समूह को और हिंसा करने के लिए बढ़ावा मिलेगा।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article