LIVE

Israel Hamas war LIVE updates: बेंजामिन नेतन्याहू ने लिया हमास को कुचलने का संकल्प; अमेरिका ने कही ये बड़ी बात

Israel Hamas war

Israel Hamas war LIVE updates: बेंजामिन नेतन्याहू ने लिया हमास को कुचलने का संकल्प; अमेरिका ने कही ये बड़ी बात

Israel Hamas war LIVE updates: इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्री का बृहस्पतिवार को उनके देश आना 'इजराइल के प्रति अमेरिका के पूर्ण समर्थन का ठोस उदाहरण है।' उन्होंने इजराइल पर गत सप्ताहांत हमला करने वाले हमास आतंकवादी समूह की तुलना आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट से की। इजराइल के प्रधानमंत्री ने कहा, 'जिस तरह से इस्लामिक स्टेट को कुचल दिया गया था, उसी तरह से हमास को भी कुचल दिया जाएगा।' अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने एक बार फिर इजराइल के प्रति अमेरिका का समर्थन दोहराया। उन्होंने कहा, 'मैं अपने साथ यह संदेश लेकर आया हूं कि आप स्वयं इतने ताकतवर हो सकते हैं कि अपनी रक्षा स्वयं करने में सक्षम हों लेकिन जबतक अमेरिका है आपको इसकी जरूरत नहीं पड़ेगी।'

OCT 12, 2023 22:48 IST

भारत ने इजराइल पर हमास के हमलों को 'आतंकी' हमला करार दिया

भारत ने बृहस्पतिवार को इजराइली शहरों पर हमास के हमले को 'आतंकी हमला' करार दिया, लेकिन अपने उस दीर्घकालिक रुख की पुष्टि की जिसमें 'संप्रभु और स्वतंत्र' फलस्तीन की स्थापना के लिए वार्ता की वकालत की गई है। इजराइल-हमास संघर्ष पर अपने पहले विस्तृत बयान में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक प्रेसवार्ता में कहा कि अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का पालन करना एक सार्वभौमिक दायित्व है और इसी तरह आतंकवाद के खतरे से लड़ना भी वैश्विक जिम्मेदारी है। हमास द्वारा अचानक किए गए हमलों के बाद इजराइल के जवाबी हमलों और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की ओर से तेल अवीव को 'युद्ध के नियमों के अनुसार काम करने' का संदेश दिए जाने के मद्देनजर गाजा में फलस्तीनियों की दुर्दशा के बारे में पूछे गए सवालों के जवाब में बागची ने यह बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि भारत का ध्यान उन भारतीयों को इजराइल से वापस लाने पर है जो मौजूदा स्थिति को देखते हुए वापस लौटना चाहते हैं। फलस्तीन पर भारत के रुख पर उन्होंने कहा कि यह हमेशा सुसंगत रहा है।
OCT 12, 2023 19:51 IST

भारतीय दूतावास ने फंसे हुए भारतीयों से संपर्क साधने की कोशिश की तेज

तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने इजराइल की फलस्तीनी आतंकवादी समूह हमास के साथ जारी लड़ाई के बीच भारतीयों से संपर्क करने का गहन अभियान शुरू किया है। भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने बताया कि वे भारतीय कपंनियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर रहे हैं, भारत जाने वाली उड़ानों की सूचना ई-मेल के जरिये भेज रहे हैं, भारतीय छात्रों को हर तरह की मदद का भरोसा दे रहे हैं और उनकी चिंताओं का समाधान करने की कोशिश कर रहे हैं, भारतीय नर्सों के साथ बैठक कर रहे हैं जिनकी इजराइल में मौजूद भारतीयों में सबसे अधिक संख्या है। इजराइल ने सात अक्टूबर को गाजा में सत्तारूढ़ इस्लामिक आतंकवादी समूह हमास द्वारा जल, नभ और थल से किए गए हमले के बाद संगठन के खिलाफ अभूतपूर्व जवाबी कार्रवाई करने का संकल्प लिया है। हमले के छठे दिन इजराइली सेना ने बताया कि उनके देश में 189 सैनिकों सहित 1200 लोग मारे गए हैं जबकि गाजा में इजराइल की जवाबी कार्रवाई में कम से कम 1200 लोग मारे गए हैं।
OCT 12, 2023 19:42 IST

इजराइल से 230 भारतीयों को विशेष विमान से वापस लाये जाने की उम्मीद

‘ऑपरेशन अजय’ के तहत लगभग 230 भारतीयों को एक विशेष विमान (चार्टर्ड उड़ान) से शुक्रवार को इजराइल से वापस लाए जाने की उम्मीद है। यह जानकारी विदेश मंत्रालय (एमईए) ने दी। भारत ने यह अभियान उन भारतीयों की वापसी को सुविधाजनक बनाने के लिए शुरू किया है जो स्वदेश वापस आना चाहते हैं, क्योंकि सप्ताहांत में हमास आतंकवादियों द्वारा इजराइली शहरों पर किए गए सिलसिलेवार हमलों से क्षेत्र में नया तनाव उत्पन्न हो गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बृहस्पतिवार को एक प्रेसवार्ता में कहा कि चार्टर्ड उड़ान के आज शाम तेल अवीव पहुंचने की उम्मीद है और यह शुक्रवार को लगभग 230 भारतीयों के पहले जत्थे को वापस लाएगी। उन्होंने कहा, 'हम स्थिति पर करीब नजर रखे हुए हैं।' इजराइली शहरों पर हमास के हमलों पर बागची ने कहा कि भारत इन्हें आतंकवादी हमला मानता है। फलस्तीन के मुद्दे पर भारत के रुख संबंधी एक सवाल पर उन्होंने कहा कि नयी दिल्ली ने इजराइल के साथ शांतिपूर्ण सहअस्तित्व वाले एक संप्रभु एवं व्यवहारिक फलस्तीन देश की स्थापना के लिए सीधी बातचीत फिर से शुरू करने की हमेशा वकालत की है।
OCT 12, 2023 19:40 IST

नेतन्याहू ने हमास को कुचलने का लिया संकल्प, खुलकर साथ है अमेरिका

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्री का बृहस्पतिवार को उनके देश आना 'इजराइल के प्रति अमेरिका के पूर्ण समर्थन का ठोस उदाहरण है।' उन्होंने इजराइल पर गत सप्ताहांत हमला करने वाले हमास आतंकवादी समूह की तुलना आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट से की। इजराइल के प्रधानमंत्री ने कहा, 'जिस तरह से इस्लामिक स्टेट को कुचल दिया गया था, उसी तरह से हमास को भी कुचल दिया जाएगा।' अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने एक बार फिर इजराइल के प्रति अमेरिका का समर्थन दोहराया। उन्होंने कहा, 'मैं अपने साथ यह संदेश लेकर आया हूं कि आप स्वयं इतने ताकतवर हो सकते हैं कि अपनी रक्षा स्वयं करने में सक्षम हों लेकिन जबतक अमेरिका है आपको इसकी जरूरत नहीं पड़ेगी।'
OCT 12, 2023 19:37 IST

इजराइल ने हाल के वर्षों में सीरिया के अंदर लक्ष्यों पर किए सैकड़ों हमले

इजराइल ने लेबनान के हिजबुल्लाह सहित विभिन्न आतंकवादी समूहों को ईरान से हथियारों की आपूर्ति रोकने के प्रयास में सीरिया सरकार के कब्जे वाले हिस्सों में हवाई अड्डों और समुद्री बंदरगाहों को निशाना बनाया है। सीरिया के 12 साल के संघर्ष में ईरान समर्थित हजारों लड़ाके शामिल हुए और उन्होंने राष्ट्रपति बशर असद की सेना के पक्ष में संतुलन बनाने में मदद की। इजराइल ने हाल के वर्षों में सीरिया के अंदर लक्ष्यों पर सैकड़ों हमले किए हैं, जिनमें दमिश्क और अलेप्पो हवाई अड्डों पर हमले भी शामिल हैं। लेकिन वह शायद ही कभी इन अभियानों को स्वीकार करता है या उनके बारे में चर्चा करता है।
OCT 12, 2023 19:37 IST

इजराइल ने दमिश्क और अलेप्पो में हवाई अड्डों को बनाया निशाना- सीरिया

सीरिया की सरकारी मीडिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि इजराइल के हवाई हमलों में राजधानी दमिश्क और उत्तरी शहर अलेप्पो के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों को निशाना बनाया गया, जिससे उनके रनवे क्षतिग्रस्त हो गए। सरकारी समाचार एजेंसी ‘सना’ ने एक सैन्य अधिकारी के हवाले से कहा कि हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ। इजराइली सेना ने इन संबंध में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। फलस्तीनी आतंकवादी समूह हमास द्वारा दक्षिणी इजराइल में घातक हमलों के बाद सीरिया पर यह पहला इजराइली हमला है। हवाई हमले उस दिन हुए जब ईरान के विदेश मंत्री क्षेत्र के अस्थिर हालात पर चर्चा के लिए सीरिया आने वाले थे।
OCT 12, 2023 16:55 IST

केंद्र इजराइल-फलस्तीन मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाए: सुप्रिया सुले

शरद पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद सुप्रिया सुले ने बृहस्पतिवार को कहा कि इज़राइल-फलस्तीन के मुद्दे को लेकर भारत के रुख पर चर्चा करने के लिए केंद्र सरकार को सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए। पत्रकारों से बात करते हुए सुले ने कहा कि इजराइल का समर्थन करके नरेन्द्र मोदी सरकार ने एक अलग रास्ता चुन लिया है। उनसे पूछा गया था कि हमास के इजराइल पर हमले के बाद छिड़ी लड़ाई के बीच केंद्र सरकार इज़राइल का समर्थन कर रही है जबकि कांग्रेस फलस्तीनियों के अधिकारों की बात कर रही है। सुले ने कहा कि इज़राइल-फलस्तीन संघर्ष पर भारत की नीति अब तक एक समान रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री चाहे अटल बिहारी वाजपेयी हों, या इंदिरा गांधी, भारत की इज़राइल फलस्तीन मुद्दे पर एक ही नीति रही है। सांसद ने कहा, 'भारत का इस मुद्दे पर हमेशा एक रुख रहा है, लेकिन केंद्र सरकार (इस बार) अलग रुख अपना रही है। जब विदेशी मामलों से जुड़े ऐसे मुद्दे उठते हैं तो सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए।' सुले ने कहा, 'फिलहाल दुनिया में जंग छिड़ी है।'
OCT 12, 2023 16:53 IST

इजराइल में लोगों की सुरक्षा और बंधकों की वापसी के लिए प्रार्थना

पुणे में यहूदियों के एक प्रार्थना स्थल, सिनागॉग के पुजारी इजराइल में अपने माता पिता की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और युद्धग्रस्त देश में लोगों की सलामती और हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए यहां विशेष प्रार्थनाएं कर रहे हैं। पुजारी नोएल इस्साक के माता पिता पिछले 10 साल से इजराइल में रह रहे हैं। महाराष्ट्र के पुणे शहर के रास्ता पेठ इलाके में एक संकरी गली में स्थित सुक्काथ शेलोमो सिनागॉग के ट्रस्टी के नोएल के मुताबिक, यहां करीब 300 बेन इजराइली रहते हैं और सभी का कोई न कोई करीबी रिश्तेदार इजराइल में है। उन्होंने कहा कि इजराइल और हमास के बीच जारी संघर्ष के मद्देनजर सभी बेहद चिंतित हैं। 47 वर्षीय नोएल इस्साक मैपगांवकर इजराइल के लोगों की भलाई और हमास द्वारा बंधक बनाए लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए दिन में तीन बार विशेष प्रार्थनाएं कर रहे हैं। नोएल के परिजन पिछले 10 वर्षों से इजराइल के रामले में रहते हैं। नोएल अपने परिजनों और अन्य रिश्तेदारों को लेकर भी चिंतित हैं और उनसे लगातर करीबी संपर्क बनाए हुए हैं।
OCT 12, 2023 15:13 IST

इजराइल से लौटे केरल के श्रद्धालु, भारतीय दूतावास का व्यक्त किया आभार

इजराइल पर फलस्तीन के आतंकवादी संगठन हमास की ओर से हमला किए जाने के बीच सात अक्टूबर को वहां फंसे केरल के श्रद्धालुओं का एक दल सुरक्षित भारत लौट आया है । इस दल ने युद्ध क्षेत्र से उसे सुरक्षित निकालने के लिए भारतीय दूतावास के तत्काल हस्तक्षेप करने के वास्ते उसका आभार व्यक्त किया है। इस समूह में शामिल श्रद्धालु मौलवी ने मलयालम समाचार चैनल से बातचीत में बृहस्पतिवार को बताया कि हमास के हमले के बीच उनकी वक्त रहते केरल वापसी भारतीय दूतावास के अधिकारियों के त्वरित और प्रभावी हस्तक्षेप से संभव हुई। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'अगर हमारी वापसी की यात्रा एक भी दिन के लिए स्थगित होती तो हम युद्ध क्षेत्र में फंस जाते....खैर अब हम घर आ गए हैं।' मौलवी और उनकी पत्नी 45 सदस्यीय उस समूह का हिस्सा थे जो तीर्थ यात्रा पर इजराइल गए थे। तीर्थयात्रियों का समूह बृहस्पतिवार सुबह यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच गया।
OCT 12, 2023 14:35 IST

इजराइली सेना बोली-हम जमीनी हमले की तैयारी कर रहे

इजरायल की सेना ने कहा है कि वह गाजा में संभावित जमीनी अभियान की तैयारी कर रही है लेकिन देश के नेताओं ने इस संबंध में अभी कोई निर्णय नहीं लिया है। लेफ्टिनेंट कर्नल रिचर्ड हेच ने बृहस्पतिवार को पत्रकारों को बताया कि बल ‘जमीनी अभियान की तैयारी कर रहे हैं..।’ इजरायल ने लगभग 360,000 रिजर्व सैनिक बुलाए हैं और सप्ताहांत में हमास की ओर से किए गए घातक हमलों के बदले में भीषण कार्रवाई की चेतावनी दी है।
OCT 12, 2023 12:29 IST

व्हाइट हाउस ने कहा-17 अमेरिकी नागरिकों के बारे में कोई जानकारी नहीं

इजरायल पर हमास के हमले में कम से कम 22 अमेरिकी नागरिकों की मौत हो गई है और 17 की कोई जानकारी नहीं है तथा आने वाले दिनों में यह आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। व्हाइट हाउस ने बुधवार यह जानकारी दी। अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने बताया कि फलस्तीन आतंकवादी समूह हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोगों में और भी अमेरिकी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि बंधकों को छुड़ाने के लिए अमेरिका इजराइल के साथ बातचीत कर रहा है।
OCT 12, 2023 11:08 IST

दिग्गी राजा बोले-हमास का कभी समर्थन नहीं करेगी कांग्रेस

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा कांग्रेस पर हमास और फलस्तीन मुद्दे का समर्थन करने का आरोप लगाने के बीच, पार्टी नेता दिग्विजय सिंह ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस कभी भी हमास जैसे "चरमपंथी" संगठन का समर्थन नहीं करेगी। सिंह ने यह भी कहा कि कांग्रेस हमेशा आतंकवाद और हिंसा के खिलाफ रही है।
OCT 12, 2023 09:17 IST

Israel Attack Hamas: ब्लिंकेन ने कहा-शब्दों से परे है हमास का जुल्म

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि इजरायल को अमेरिका का समर्थन है। हम आतंकवाद के खिलाफ दृढ़ता से खड़े हैं। हमास ने इजरायली नागरिकों, महिलाओं और बच्चों पर जिस तरह का जुल्म ढाया है, वह शब्दों से परे है।
OCT 12, 2023 08:14 IST

'हम इनको कुचल और बर्बाद कर देंगे'

टेलीविजन पर दिए गए अपने एक संक्षिप्त बयान में नेतन्याहू ने कहा, 'हमास, इस्लामिक स्टेट (दाएश) है। हम इनको कुचल और बर्बाद कर देंगे। जैसा कि दुनिया ने दाएश को मिटा दिया।' अपनी वार कैबिनेट के साथ नेतन्याहू का यह पहला संयुक्त बयान है। इजरायल के रक्षा मंत्री योआव गैलेंट ने कहा, 'हम इस सरजमीं से हमास का सफाया कर देंगे।' नेतन्याहू ने फिलहाल अपने राजनीतिक मतभेदों को भुलाकर एक आपातकालीन सरकार का गठन किया है। इसमें पूर्व रक्षा मंत्री बेनी गैंट्ज सहित विपक्ष के अन्य नेता शामिल हैं।
OCT 12, 2023 07:39 IST

नेतन्याहू बोले-हमास का हर आतंकी अब 'डेडमैन'

इजरायल में हमास के खिलाफ जारी जंग के बीच ही एक नई आपातकालीन सरकार का गठन हुआ है जो विपक्ष के साथ मिलकर बनाई गई है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्‍याहू ने इस सरकार से मुलाकात की और कहा कि अब हमास का हर आतंकी एक 'डेडमैन' यानी मृत व्‍यक्ति है।
OCT 11, 2023 23:44 IST

भारतीयों की वापसी के लिए इजराइल में शुरू होगा 'ऑपरेशन अजय'

भारत उन भारतीयों की इजराइल से वापसी सुनिश्चित करने के लिए ऑपरेशन अजय शुरू कर रहा है जो स्वदेश लौटना चाहते हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को यह घोषणा की। यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब हमास चरमपंथियों और इजराइल के बीच पांचवें दिन भी सैन्य संघर्ष जारी रहा। जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट किया, इजराइल से लौटने के इच्छुक हमारे नागरिकों की वापसी के लिए ऑपरेशन अजय शुरू कर रहे हैं। उन्होंने कहा, विशेष चार्टर उड़ानों का प्रबंध और अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं। हम विदेश में मौजूद अपने नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।
OCT 11, 2023 20:37 IST

गाजा का पॉवर प्लांट बंद, अंधेरे में डूबा शहर

द येरूसलम पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, गाजा ऊर्जा प्राधिकरण ने घोषणा की कि गाजा पट्टी में बिजली संयंत्र ने ईंधन खत्म होने के बाद बुधवार दोपहर को परिचालन बंद कर दिया। इस बीच, सीएनएन ने गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से बताया कि हमास के हमले के बाद इजरायल द्वारा कड़ी जवाबी कार्रवाई शुरू करने के बाद गाजा में लगभग 1,000 लोग मारे गए और 5,000 अन्य घायल हो गए।
OCT 11, 2023 20:01 IST

हमास के खिलाफ जंग में उतरा नेतन्याहू का बेटा

हमास के खिलाफ जंग में इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का बेटा भी उतर आया है। अपने बेटे को जंग में भेजते समय की उनकी तस्वीर भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
OCT 11, 2023 19:14 IST

Israel Attack Hamas: इजराइल में मदद को आगे आए कई वॉलेंटियर

इजराइल में जंग के बाद कई वॉलेंटियर आगे आए हैं। वे सैनिकों और प्रभावित नागरिकों तक जरूरी सामान पहुंचा रहे हैं। एक वॉलेंटियर अविहू कोहेन का कहना है कि हम नागरिक हैं, हम सैनिक नहीं हैं। हमारे हथियार हमारी इच्छाशक्ति है। हम लोगों को शारीरिक और मानसिक रूप से समर्थन देने के लिए भोजन वितरित कर रहे हैं।
OCT 11, 2023 18:02 IST

ISIS से भी बदतर है हमास- नेतन्याहू

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमास को आतंकी संगठन ISIS से भी बदतर बताया है। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया हमास की बर्बरता की तस्वीरें भी साझा की हैं।