दुनिया

इजरायल-हमास जंगः'गाजा में बदल जाएगा बेरूत अगर...', हिजबुल्लाह को PM नेतन्याहू की खुली धमकी

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Dec 8, 2023, 09:39 AM IST

Israel Hamas War Latest Update: इस बीच, अमेरिका के व्हाइट हाउस ने कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडन (जिन्होंने इज़राइल-हमास संघर्ष को प्राथमिकता दी है) ने नेतन्याहू और जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला-द्वितीय से "गाजा में ताजा घटनाक्रम" को लेकर बातचीत की है।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)

Photo : AP

Israel Hamas War Latest Update: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हिजबुल्लाह को खुली धमकी दी है। रक्षा बलों के उत्तरी कमान के मुख्यालय की यात्रा के दौरान उन्होंने कहा है कि अगर हिजबुल्लाह ने हमास के साथ इजरायल के युद्ध में दूसरा मोर्चा खोला तो बेरूत और दक्षिणी लेबनान में तबाही होगी।

बकौल नेतन्याहू, "अगर हिजबुल्लाह पूरी तरह से जंग शुरू करने का फैसला करता है तो वह अपने हाथों से बेरूत और दक्षिणी लेबनान (जो यहां से ज्यादा दूर नहीं हैं) को गाजा और खान यूनिस में बदल देगा।"

इस बीच, संयुक्त राष्ट्र (यूएन) चीफ एंतोनियो गुतारेस की तीखी आलोचना करते हुए इजराइल ने गुरुवार को कहा कि उनका कार्यकाल ‘‘विश्व शांति के लिए खतरा है।’’

गुतारेस ने गाजा में आसन्न ‘‘मानवीय तबाही’’ के बारे में सुरक्षा परिषद को चेतावनी देने के लिए विशेष शक्ति का इस्तेमाल किया और परिषद से तत्काल मानवीय आधार पर युद्धविराम की मांग करने का आग्रह किया।

वैसे, इससे पहले इजराइली सैनिकों के गाजा के दूसरे सबसे बड़े शहर में जमीनी हमले तेज करने के बाद बुधवार को इजराइली बलों और हमास उग्रवादियों के बीच गाजा में तीखी झड़प हुई थी। ताजा संघर्ष के चलते अधिकतर स्थानों पर सहायता आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई।

इजराइली हमलों के कारण फलस्तीनी लोगों के लिए शरण लेने के स्थान भी कम होते जा रहे हैं। दक्षिण पर हमले से घिरे तटीय क्षेत्र में बड़े पैमाने पर लोगों के विस्थापित होने का खतरा है। संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि इस क्षेत्र के लगभग 18 लाख से अधिक लोग (80 प्रतिशत से अधिक आबादी) पहले ही अपने घरों को छोड़ चुके हैं।

गाजा शहर के बड़े हिस्से सहित उत्तर का अधिकांश हिस्सा पूरी तरह से नष्ट हो गया है। फलस्तीनियों को डर है कि गाजा के बाकी हिस्सों को भी इसी तरह का नुकसान उठाना पड़ सकता है क्योंकि इजराइल हमास को खत्म करने की कोशिश कर रहा है, जिसकी इस क्षेत्र में गहरी जड़ें हैं।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article