दुनिया

जंग के बीच समझौताः इजरायल चार दिन के लिए बंद करेगा हमले, बदले में हमास छोड़ेगा 50 बंधक

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Nov 22, 2023, 08:14 AM IST

Israel-Hamas War Latest News: इजरायल की ओर से चलगाए गए ऑपरेशन "सोर्ड्स ऑफ आयरन" ("Swords of Iron") के तहत हमास संचालित गाजा पट्टी में हवा से लेकर जमीन पर ताबड़तोड़ हमले किए गए थे, जिनमें अब तक (खबर लिखे जाने तक) 14,100 लोगों की जान (फिलिस्तीनी अफसरों के अनुसार) जा चुकी है, जिनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे हैं।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (क्रिएटिवः अभिषेक गुप्ता)

Photo : AP

Israel-Hamas War Latest News: इजरायल और हमास की जंग के बीच अहम समझौता हुआ है, जिसके तहत इजरायली सेना गाजा पट्टी में चार दिन के लिए अपने हमलों को बंद करेगी। बदले हमास की ओर से 50 बंधकों (महिलाओं और बच्चों) को छोड़ने की बात कही गई है। बुधवार (22 नवंबर, 2023) को इसके लिए इजरायली कैबिनेट ने मंजूरी दी है, जिसके बारे में वहां के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के दफ्तर की ओर से जानकारी दी गई।

वैसे, हमास के पोलित ब्यूरो नेता इस्माइल हानियेह ने एक रोज पहले मंगलवार (21 नवंबर, 2023) को दावा किया था कि उनका आतंकवादी समूह यहूदी राष्ट्र पर हमले के बाद सात अक्टूबर को पकड़े गए बंधकों की रिहाई के संबंध में इज़राइल के साथ एक संघर्ष विराम समझौते पर पहुंचने के करीब है।

बकौल हनियेह, "हम एक संघर्ष विराम समझौते पर पहुंचने के करीब हैं।" हालांकि, हमास के वरिष्ठ नेता ने उक्त समझौते पर कोई अन्य जानकारी नहीं दी थी। ध्यान देने वाली बात है कि हनियेह की यह टिप्पणी हमास की ओर से कतर में मध्यस्थों को संघर्ष विराम की इच्छा व्यक्त करने के बाद आई थी।

इजरायल रक्षा बलों (आईडीएफ) के अनुसार, गाजा में सेना के चल रहे जमीनी हमले में आतंकवादी समूह के लगभग 70 प्रतिशत शीर्ष नेतृत्व मारे गए हैं। हालांकि, यह देखना अभी बाकी है कि क्या इजरायल फिलिस्तीनी कैदियों की अदला-बदली सहित किसी बड़े युद्धविराम के लिए सहमत होता है। चूंकि, इजराइल सरकार बंधकों के परिवारों के दबाव में भी है। अधिकारियों के अनुसार, गाजा में 237 लोगों को बंदी बनाया गया है, जिनमें इजरायली और विदेशी नागरिक हैं।

इजरायल की ओर से चलगाए गए ऑपरेशन "सोर्ड्स ऑफ आयरन" ("Swords of Iron") के तहत हमास संचालित गाजा पट्टी में हवा से लेकर जमीन पर ताबड़तोड़ हमले किए गए थे, जिनमें अब तक (खबर लिखे जाने तक) 14,100 लोगों की जान (फिलिस्तीनी अफसरों के अनुसार) जा चुकी है, जिनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे हैं।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article