दुनिया

इजराइल ने तोड़ा सीजफायर! IDF के हमले में तबाह हुआ हिजबुल्लाह का रॉकेट लॉन्चर

IDF Attack: इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच बुधवार को लगभग 14 महीने से चल रहे संघर्ष को खत्म करने वाले समझौते का ऐलान हुआ था। अब IDF ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह की सबसे बड़ी गाइडेड मिसाइल मैनुफैक्चरिंग साइट को निशाना बनाया है।

Image

IDF Attack

IDF Attack: इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष विराम (सीजफायर) समझौते के दो दिन बाद ही IDF ने दक्षिणी लेबनान में गाइडेड मिसाइल मैनुफैक्चरिंग साइट को निशाना बनाया है। इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) द्वारा जारी एक बयान में बताया गया है कि यह हिजबुल्लाह की सबसे बड़ी गाइडेड मिसाइल मैनुफैक्चरिंग साइट थी, जो 1.4 किमी चौड़ी और 70 मीटर अंडरग्राउंडेड थी।

बयान में कहा गया है कि इजरायली लड़ाकू जेट ने दक्षिणी लेबनान में सटीक हमला किया और इस साइट को पूरी तरह से तबाह कर दिया। शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को किया गया यह हमला दक्षिणी लेबनान में आतंकवादी गतिविधि और हिजबुल्लाह के पोर्टेबल रॉकेट लॉन्चर की गतिविधि की पहचान होने के बाद किया गया।

सीजफायर के बावजूद हुआ हमला

यह हमला लेबनान में इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष विराम लागू होने के बावजूद हुआ। बुधवार को दोनों के बीच लगभग 14 महीने से चल रहे संघर्ष को खत्म करने वाले समझौते का ऐलान हुआ था। IDF ने अपने बयान में कहा है कि दक्षिणी लेबनान में आईडीएफ सैनिक तैनात हैं, जो इजरायल को खतरे में डालने वाले किसी भी खतरे को दूर करने के लिए काम कर रहे हैं, और संघर्ष विराम का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई के लिए तैयार है।

दक्षिण लेबनान के लोगों को दी थी चेतावनी

इससे पहले शुक्रवार को, आईडीएफ ने दक्षिणी लेबनान के 63 गांवों के निवासियों को अगले नोटिस तक अपने घरों में वापस न लौटने की चेतावनी दी थी। आईडीएफ के प्रवक्ता अविचाय एड्राई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिबंधित क्षेत्र को दर्शाने वाला एक नक्शा पोस्ट किया, जहां ये गांव स्थित हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इस क्षेत्र में प्रवेश करने वाला कोई भी व्यक्ति खतरे में पड़ सकता है। यह क्षेत्र लगभग 120 किलोमीटर लंबा और 3 किलोमीटर चौड़ा है, जो पश्चिम में नकौरा से लेकर पूर्व में शेबा तक फैला हुआ है।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article