Israel Attacks On Iran: इजरायल और अमेरिका ने मिलकर शनिवार को ईरान पर हमला बोल दिया। ईरान ने भी जबरदस्त जवाबी कार्रवाई की। इन सैन्य कार्रवाई के बीच इजरायल और ईरान में कई भारतीय नागरिक फंसे हैं। इस सैन्य संघर्ष के बीच ईरान की राजधानी तेहरान में एक भारतीय छात्रा ने सोशल मीडिया के जरिए भारत सरकार से मदद मांगी है।
सोशल मीडया पर उन्होंने ईरान से भारतीय नागरिकों की तत्काल निकासी (Evacuation) की अपील की है। छात्रा का कहना है कि मौजूदा हालात बेहद खराब और अनिश्चित हैं, और किसी को नहीं पता कि आगे क्या होने वाला है।
छात्रा ने कहा, “मैं एक भारतीय छात्रा हूं और इस समय तेहरान में हूं। यहां की स्थिति बहुत खराब और अस्थिर लग रही है। हमें नहीं पता कि आगे क्या होगा। हम भारत सरकार और विदेश मंत्रालय (Ministry of External Affairs) के आभारी हैं कि वे हमारी सुरक्षा को लेकर बातचीत कर रहे हैं, लेकिन ऐसे समय में तेजी बहुत मायने रखती है।”
छात्रा ने भावुक अपील करते हुए कहा कि वह ठीक से बोल भी नहीं पा रही है क्योंकि आसपास एयर स्ट्राइक हो रही हैं और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। “हम जल्द और स्पष्ट निकासी की मांग करते हैं। कृपया हालात और खराब होने का इंतजार न करें। बस हमें यहां से जल्द से जल्द निकाल लें।” गौरतलब है कि क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव और संभावित हमलों की आशंका के बीच वहां रह रहे भारतीय छात्रों और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
भारत ने जारी की एडवाइजरी
क्षेत्र में जारी तनावपूर्ण सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए इजरायल में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए भारतीय दूतावास, तेल अवीव ने अहम परामर्श जारी किया है। दूतावास ने सभी भारतीयों से अत्यधिक सतर्कता बरतने और हर समय चौकन्ना रहने की अपील की है। जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि भारतीय नागरिक इज़रायली प्रशासन और होम फ्रंट कमांड द्वारा जारी सभी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया है कि समय-समय पर अपडेटेड निर्देश आधिकारिक वेबसाइट https://oref.org.il/eng पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिन्हें नियमित रूप से देखा जाना चाहिए। भारतीयों को सलाह दी गई है कि वे अपने निवास या कार्यस्थल के पास मौजूद सुरक्षित आश्रयों (शेल्टर) की पहचान पहले से कर लें और यथासंभव उनके नजदीक रहें। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना बेहद जरूरी बताया गया है।
