दुनिया

Hormuz Crisis: ईरान ने भारतीय तेल टैंकरों पर की गोलीबारी, फिर भी होर्मुज से सुरक्षित निकला 'देश गरिमा'

Firing On Indian Oil Tankers: इराकी कच्चे तेल से लदे एक सुपरटैंकर सहित भारतीय ध्वज वाले दो जहाजों को गोलीबारी के बाद होर्मुज से वापस लौटना पड़ा। होर्मुज में भारतीय जहाजों पर फायरिंग को लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने भारत में ईरानी राजदूत को तलब किया। हालांकि, देश गरिमा’ नामक तेल टैंकर ने शनिवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर गया।

Image

होर्मुज में भारतीय ध्वज वाले दो जहाजों को गोलीबारी के बाद वापस लौटना पड़ा। AI IMAGE

Firing On Indian Oil Tankers: ईरान की ओर से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिर से बंद किए जाने के बीच भारतीय ध्वज वाला एक तेल टैंकर इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को सफलतापूर्वक पार कर गया, जबकि कम से कम चार अन्य जहाज वापस लौट गए। ’टैंकरट्रैकर्सडॉटकॉम’ के अनुसार, इराकी कच्चे तेल से लदे एक सुपरटैंकर सहित भारतीय ध्वज वाले दो जहाजों को गोलीबारी के बाद वापस लौटना पड़ा।

होर्मुज में भारतीय जहाजों पर फायरिंग को लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने भारत में ईरानी राजदूत को तलब किया। इस दौरान विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने दो भारतीय जहाजों पर ईरान के IRGC की गनबोटों द्वारा की गई गोलीबारी पर गहरी चिंता जताई। हालांकि टैंकर और चालक दल सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने अपने बयान में कहा कि भारत ने हमेशा व्यापारिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। मंत्रालय ने यह भी याद दिलाया कि ईरान पहले भारत आने वाले कई जहाजों को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराता रहा है।

व्यापारिक जहाजों पर हुई गोलीबारी की गंभीर घटना पर चिंता जताते हुए, विदेश सचिव ने ईरानी राजदूत से आग्रह किया कि वे भारत का पक्ष तेहरान तक पहुंचाएं और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते भारत आने वाले जहाजों की आवाजाही को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए कदम उठाए जाएं।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, ईरानी राजदूत ने भरोसा दिलाया है कि वह भारत की चिंताओं और सुझावों को अपनी सरकार तक पहुंचाएंगे। जहाजों के निगरानी आंकड़ों के अनुसार, ’देश गरिमा’ नामक तेल टैंकर ने शनिवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार किया। भारतीय नौवाहन निगम लिमिटेड (एससीआई) का यह टैंकर मार्च की शुरुआत से इस मार्ग को पार करने वाला भारतीय ध्वज वाला 10वां जहाज है।

फारस की खाड़ी में भारतीय ध्वज वाले 14 जहाज

’मरीनट्रैफिक’ के अनुसार, शनिवार शाम तक यह टैंकर ओमान की खाड़ी में आगे बढ़ रहा था। आंकड़ों से यह भी पता चला कि तेल टैंकर ’सनमार हेराल्ड’, ’देश वैभव’ और ’देश विभोर’ के साथ-साथ मालवाहक पोत ’जग अर्नव’ ने अवरोध बिंदु के पास अपना मार्ग बदल लिया। इसके साथ ही फारस की खाड़ी में भारतीय ध्वज वाले जहाजों की संख्या 14 हो गई है।

सरकारी स्वामित्व वाली एससीआई ’देश वैभव’ और ’देश विभोर’ को संभालती है, जबकि ’सनमार हेराल्ड’ का संचालन सनमार शिपिंग और ’जग अर्नव’ का संचालन ग्रेट ईस्टर्न शिपिंग कंपनी करती है।

भारतीय जहाजों ने रास्ता बदला

’यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस’के अनुसार, एक टैंकर ने सूचना दी कि ओमान के उत्तर-पूर्व में लगभग 20 समुद्री मील दूर ईरान के ’रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स’ की दो नौकाओं से गोलीबारी की गई। माना जा रहा है कि इसी कारण भारतीय जहाजों ने रास्ता बदल लिया।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article