IRGC Downed MQ9 Drone: पश्चिम एशिया (West Asia) में जारी भीषण सैन्य टकराव के बीच ईरान के सबसे शक्तिशाली सैन्य संगठन 'इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स' (IRGC) ने बहुत बड़ी कामयाबी का दावा किया है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी 'तस्नीम' (Tasnim) के अनुसार, IRGC ने देश के दक्षिण-पश्चिमी शहर अंदिमेश्क (Andimeshk) के आसमान में एक दुश्मन ड्रोन को इंटरसेप्ट कर मार गिराया है। बाद में पुष्टि की गई कि यह नष्ट किया गया विमान अमेरिका का सबसे आधुनिक और घातक MQ-9 रीपर ड्रोन है।
ईरान के नए एयर डिफेंस सिस्टम ने दिखाया दम
ईरानी सेना (IRGC) ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि अमेरिकी ड्रोन को मार गिराने के लिए उनकी एयरोस्पेस फोर्स ने पूरी तरह से स्वदेशी और एक बिल्कुल नया एयर डिफेंस सिस्टम (वायु रक्षा प्रणाली) मैदान में उतारा था। इस नए मिसाइल सिस्टम ने अमेरिकी रीपर ड्रोन की लोकेशन ट्रैक की और उसे बीच हवा में ही पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया। अरबों रुपये की कीमत वाले इस रीपर ड्रोन का शिकार होना अमेरिकी वायुसेना के लिए एक बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है।
राजधानी तेहरान में हाई अलर्ट, एक्टिव हुए मिसाइल सिस्टम
ड्रोन गिराए जाने के तुरंत बाद पूरे ईरान में अलर्ट जारी किया गया है। ईरान की 'मेहर' (Mehr) समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, राजधानी तेहरान में संभावित अमेरिकी जवाबी हमलों और किसी भी बाहरी खतरे से निपटने के लिए एयर डिफेंस सिस्टम को पूरी तरह से एक्टिव कर दिया गया है। तेहरान के आसमान में सुरक्षा घेरा बेहद मजबूत कर दिया गया है और सैन्य बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
अमेरिका के दो चरणों में ताबड़तोड़ हमले
ईरान की इस कार्रवाई के बीच अमेरिकी सेना ने भी फ्रंट फुट पर आकर बड़े हमलों की पुष्टि की है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि अमेरिकी वायुसेना ने ईरान के खिलाफ दो बड़े चरणों में हवाई हमले किए हैं।
अमेरिकी सेना के मुताबिक, इन हमलों का मुख्य उद्देश्य ईरान की उन सैन्य क्षमताओं और मिसाइल ठिकानों को पूरी तरह से नष्ट करना है, जिनका इस्तेमाल वह होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से गुजरने वाले अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक जहाजों को डराने और वैश्विक तेल आपूर्ति को बाधित करने के लिए कर रहा है। अमेरिका के इन ताजा हमलों और ईरान द्वारा अमेरिकी ड्रोन को मार गिराए जाने के बाद अब यह टकराव पूरी तरह से आउट ऑफ कंट्रोल होता नजर आ रहा है।
