प्रदर्शन की कीमत: ईरान में महिला को फांसी की तैयारी, चार लोगों को सुनाई गई मौत की सजा

ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों से जुड़े मामले में एक महिला को फांसी देने की तैयारी हो रही है। इस फैसले ने मानवाधिकारों को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है।

ईरान में एक बड़ा और संवेदनशील मामला सामने आया है। देश का न्याय तंत्र बीटा हेम्मती नाम की महिला को फांसी देने की तैयारी कर रहा है। बताया जा रहा है कि अगर ऐसा होता है, तो वह सरकार विरोधी प्रदर्शनों से जुड़े मामले में फांसी पाने वाली पहली महिला बन सकती हैं। बीटा हेम्मती पर आरोप है कि उन्होंने जनवरी में हुए देशभर के विरोध प्रदर्शनों में भाग लिया और हिंसा में शामिल रहीं। इस मामले में उनके पति मोहम्मदरेजा मजीद अस्ल और दो अन्य लोगों बेहरोज और कोरोश जमानिनेजाद को भी दोषी माना गया है। इन सभी को अदालत ने मौत की सजा सुनाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फैसले के बाद इनकी संपत्ति भी जब्त कर ली गई है।

bita hemmati

विरोध प्रदर्शनों से जुड़ा पूरा मामला (Photo: AP/PTI)

इन लोगों पर लगाए गए कई गंभीर आरोप

ईरान की विपक्षी संस्था ने दावा किया है कि इन लोगों पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इनमें विस्फोटक और हथियारों का इस्तेमाल करना, सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाना और छतों से पत्थर, बोतलें और आग लगाने वाली चीजें फेंकना शामिल है। इसके अलावा, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, विरोध में नारे लगाने और सरकार के खिलाफ माहौल बनाने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि ये सभी काम देश की सुरक्षा को कमजोर करने वाले हैं। इस मामले में बीटा के एक रिश्तेदार अमीर हेम्मती को भी सजा दी गई है। उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ साजिश और सरकार के खिलाफ प्रचार करने के आरोप में करीब छह साल की जेल हुई है। इन सभी को तेहरान से गिरफ्तार किया गया था, जो उस समय विरोध प्रदर्शनों का मुख्य केंद्र बना हुआ था।

End of Feed