Strait Of Hormuz: अमेरिका-ईरान तनाव के बीच ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC ने एक बड़ी कार्रवाई की है। उनकी नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य पार करने की कोशिश कर रहे दो जहाजों को रोका और उन्हें इस्लामिक गणराज्य के क्षेत्रीय जल में ले जाने का आदेश दिया। ईरान ने 'MSC Epaminondas' और 'MSC Francesca' नामक दो मालवाहक जहाजों को जब्त कर लिया है।
नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य पार करने की कोशिश कर रहे दो जहाजों पर कब्जा किया। AI IMAGE
अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, IRGC नौसेना ने दो जहाजों को जब्त कर लिया है और उन्हें ईरान के तट पर ले गई है। साथ ही यह भी कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यवस्था और सुरक्षा में किसी भी तरह की बाधा उसकी रेड लाइन (अति-संवेदनशील सीमा) है।
इस घटना की वीडियो भी सामने आई है। आईआरजीसी की तरफ से लगातार दावा किया जा रहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में उनका ही कब्जा है। अब ईरानी नौसेना ने दावा किया कि उन्होंने इस जलमार्ग में दो जहाजों पर हमला करके उन्हें होर्मुज पार करने से रोक दिया।
क्यों किया गया जब्त?
ईरान के आधिकारिक मीडिया के अनुसार, इन जहाजों पर समुद्री नियमों के उल्लंघन, आवश्यक परमिट न होने और नेविगेशन सिस्टम (AIS) के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है। IRGC का कहना है कि जलडमरूमध्य में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना उनकी 'रेड लाइन' है।
जब्ती से पहले, यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने रिपोर्ट दी थी कि जहाजों पर गोलीबारी की गई थी। 'MSC Epaminondas' के ब्रिज को इस हमले में भारी नुकसान पहुँचने की खबर है, हालांकि चालक दल के सभी 21 सदस्य (यूक्रेनी और फिलिपिनो) सुरक्षित बताए गए हैं।
होर्मुज में जहाजों को निशाना बना रहा ईरान
इससे पहले United Kingdom Maritime Trade Operations ने भी जानकारी दी थी कि होर्मुज में दो जहाजों पर फायरिंग हुई, हालांकि उसने जहाजों के नाम नहीं बताए थे. इनमें से एक जहाज के कंट्रोल रूम को भारी नुकसान पहुंचा।
