ईरान ने अब इजराइल के उस दावे पर मुहर लगा दी है, जिसमें इजराइल ने दावा किया था कि उसने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड नौसेना के प्रमुख अलीरेजा तांगसिरी को मार गिराया है। इजराइल के इस दावे पर अभी तक ईरान ने पुष्टि नहीं की थी, लेकिन सोमवार को ईरान ने इसे स्वीकार कर लिया है।
इजराइली रिवोल्यूशनरी गार्ड के नौसेना प्रमुख अलीरेज़ा तांगसिरी की मौत कंफर्म (फोटो- AP)
इजराइल ने कब किया था दावा?
इजराइल ने गुरुवार को दावा किया था कि उसने एक हमले में अलीरेजा तांगसिरी को मार गिराया है, जो ईरानी नौसेना में रियर एडमिरल के पद पर तैनात थे। रिवोल्यूशनरी गार्ड की ओर से जारी एक बयान, में कहा गया कि तांगसिरी गंभीर रूप से घायल होने के कारण शहीद हो गए और “अल्लाह की राह में शामिल हो गए।”
'हर लड़ाका एक तंगसिरी'
बयान में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा गया कि उन्होंने खासतौर पर रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण Strait of Hormuz पर ईरान की पकड़ बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई थी। बयान में यह भी कहा गया, “हर लड़ाका एक तंगसिरी है, और आने वाले दिनों और महीनों में दुनिया को उनके जैसे और भी चौंकाने वाले कदम देखने को मिल सकते हैं।” इस टिप्पणी को क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
ईरान की धमकी
ईरान की संयुक्त सैन्य कमान के प्रवक्ता ने रविवार को चेतावनी दी कि अब अमेरिका और इजराइल के अधिकारियों के निजी आवास को निशाना बनाया जाएगा। यह धमकी इजराइल तथा पश्चिम एशिया में रहने वाले अमेरिका और इजराइल के सैन्य तथा राजनीतिक अधिकारियों को लक्षित है। ईरान की संयुक्त सैन्य कमान के प्रवक्ता इब्राहिम जुल्फिकारी ने कहा कि अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान के विभिन्न शहरों में नागरिकों के घरों को निशाना बनाए जाने के बाद यह फैसला लिया गया है।
पेट्रोकेमिकल प्लांट पर भी हुआ हमला
इसी बीच, ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया कि राजधानी Tehran से लगभग 530 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित एक पेट्रोकेमिकल संयंत्र पर सोमवार को हमला किया गया। हमले के बाद वहां आग लग गई, जिसे दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझा दिया। हालांकि, इस हमले में किसी के हताहत होने की तत्काल जानकारी नहीं दी गई है। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा एजेंसियां संभावित नुकसान का आकलन कर रही हैं।
