Iran E-Commerce Company: खाड़ी देश ईरान से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां देश की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी पर बड़ी कार्रवाई की गई है। कंपनी का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने बिना हिजाब के महिलाओं की तस्वीरें प्रकाशित की थीं, जिसके बाद कंपनी के दफ्तर पर ताला लगा दिया गया है। इतना ही नहीं अधिकारियों ने ई-कॉमर्स कंपनी के खिलाफ न्यायिक कार्यवाही भी शुरू कर दी है।
इस कंपनी ने अपनी महिला कर्मचारियों की तस्वीरें ऑनलाइन जारी की थीं जिनमें वे इस्लामी हिजाब नहीं पहने हुए थीं और इस मामले में कार्रवाई की गयी है। यह कदम इस्लामिक ड्रेस कोड लागू करने के लिए पिछले सप्ताह जारी नये अभियान का हिस्सा लगता है।
कॉर्पोरेट कार्यक्रम की तस्वीरें की थी जारी
ईरान की अमेजॉन कही जाने वाली डिजिकला कंपनी ने एक कॉर्पोरेट कार्यक्रम की कुछ तस्वीरें जारी कीं जिनमें अनेक महिला कर्मी हिजाब नहीं पहने थीं। इसे नियमों का उल्लंघन कहा गया। ईरान के हमशहरी अखबार की वेबसाइट ने रविवार देर रात खबर प्रकाशित की कि डिजिकला का एक दफ्तर बंद कर दिया गया है। ईरान की न्यायपालिका की वेबसाइट के अनुसार तस्वीरों के सिलसिले में अदालत में मामले दायर किये गये हैं।
(भाषा इनपुट के साथ)
