Iran attacks US bases : ईरान ने एक बार फिर कुवैत और बहरीन में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों को निशाना बनाकर हमले किए हैं तो जवाब में अमेरिका ने भी जवाबी कार्रवाई की है। कुवैत की सेना ने कहा है कि उसके एयड डिफेंस सिस्टम ने बुधवार तड़के दुश्मन की मिसाइलों एवं ड्रोन को प्रभावी तरीके से इंटरसेप्ट किया। इन हमलों के बाद मध्य एशिया में संघर्ष के नए दौर की शुरुआत हो गई है। कुवैत के नागरिकों का कहना है कि उन्होंने बड़े विस्फोटों की आवाज सुनी। इस बीच, ईरान की सरकारी ब्राडकॉस्टर आईआरआईबी ने दावा किया कि फारस की खाड़ी, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और काशेम द्वीप में अमेरिका के शत्रुतापूर्ण व्यवहार के बाद कुवैत में अमेरिकी सैन्य अड्डों को निशाना बनाया गया।
..तो इसे दुश्मन के हथियारों का नष्ट होना माना जाए-कुवैत
कुवैत की सेना ने कहा कि 'देश के एयर डिफेंस सिस्टम दुश्मन के मिसाइल और ड्रोन हमलों को प्रभावी तरीके से सामना कर रहे हैं। जनरल ऑफ द आर्मी यह कहना चाहती है कि धमाके यदि सुनाई दें तो इसे दुश्मन के हथियारों का नष्ट होना माना जाए। हमारा एयर डिफेंस सिस्टम दुश्मन के इन हथियारों को नष्ट कर रहा है।' वहीं, ईरान का कहना है कि फारस की खाड़ी, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और काशेम द्वीप में अमेरिकी की शत्रुतापूर्ण कार्रवाई के बाद उसने कुवैत में अमेरिकी सैन्य बेस को निशाना बनाया।
फिलहाल हताहतों की पुष्टि नहीं हुई
रिपोर्टों के मुताबिक द्वीप के सुजा और मसेन इलाकों के पास विस्फोटों की खबरें सामने आईं। शुरुआती आकलन में इन्हें निर्जन क्षेत्र में किसी प्रोजेक्टाइल (मिसाइल/रॉकेट) के गिरने की घटना माना गया, हालांकि तत्काल कोई अतिरिक्त जानकारी या हताहतों की पुष्टि नहीं हुई। अमेरिकी सेना ने पुष्टि की कि उसने कई ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन को इंटरसेप्ट किया। साथ ही, ईरान द्वारा किए गए हमलों के प्रयासों का जवाब देते हुए केशम द्वीप पर आत्मरक्षा के तहत सैन्य कार्रवाई भी की।
बहरीन की तरफ छोड़ी तीन मिसाइल
2 जून को अमेरिकी बलों ने कई ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया तथा मध्य पूर्व में ईरान के हमलों के प्रयासों के जवाब में केशम द्वीप पर आत्मरक्षात्मक हमले किए। ईरान ने क्षेत्रीय पड़ोसी देशों की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, लेकिन कोई भी अपने निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। कुवैत की ओर दागी गई दो मिसाइलें रास्ते में ही गिर गईं या टूट गईं, जबकि बहरीन की ओर छोड़ी गई तीन मिसाइलों को अमेरिकी और बहरीन की वायु रक्षा प्रणालियों ने तुरंत मार गिराया।
केशम द्वीप पर ईरान सैन्य बेस पर हमला
इससे कुछ समय पहले, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने क्षेत्रीय समुद्री मार्गों से गुजर रहे नागरिक जहाजों को निशाना बनाने के लिए ईरान द्वारा भेजे गए तीन एकतरफा हमलावर ड्रोन को भी नष्ट कर दिया था। इसके अलावा, अमेरिकी बलों ने केशम द्वीप पर स्थित एक ईरानी सैन्य ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन पर आत्मरक्षा के तहत हमला किया। इस पूरी कार्रवाई में किसी भी अमेरिकी सैन्यकर्मी के हताहत होने की सूचना नहीं है। CENTCOM ने कहा है कि युद्धविराम के दौरान भी उसकी सेनाएं सतर्क हैं और किसी भी अवांछित ईरानी आक्रामकता का जवाब देने के लिए तैयार हैं।
