दुनिया

ईरान ने मानी 'लिमिटेड डैमेज' की बात, अमेरिका ने दी चेतावनी- अब हमला हुआ तो 'हम' करेंगे इजराइल की सुरक्षा

Israel Iran War: यह पहली बार है जब इजराइल की सेना ने ईरान पर खुलेआम हमला किया। इसके अलावा, 1980 के दशक में इराक के साथ युद्ध के बाद से किसी शत्रु देश ने ईरान पर इस प्रकार पहली बार लगातार हमले किए हैं। इजराइल ने कहा कि ईरान में हमले करने के बाद उसके विमान सुरक्षित स्वदेश लौट आए हैं।

Image

इजराइल-ईरान संघर्ष

Photo : AP

Israel Iran War: ईरान के खिलाफ इजराइल का बदला पूरा हो गया है। इजराइली सेना ने इसकी पुष्टि की है। IDF प्रवक्ता डैनियल हैगरी ने कहा है कि ईरान के कई क्षेत्रों में सैन्य ठिकानों के खिलाफ लक्षित और सटीक हमले पूरे कर लिए गए हैं। हमने ईरान में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, जिससे इजराइल के लिए तत्काल खतरे विफल हो गए हैं।

उधर, ईरान ने भी आखिरकार इजराइली हमले से हुए नुकसान की बात स्वीकार की है। ईरान ने कहा है कि इजराइली हमलों में इलम, खुजेस्तान और तेहरान प्रांतों में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिससे 'लिमिटेड डैमेज' (सीमित क्षति) हुई है। बता दें, ईरान ने 1 अक्टूबर को इजराइल पर मिसाइल हमले किए थे, जिसके बाद पूरी दुनिया को इंतजार था कि इजराइल इसका बदला कैसे लेगा। शनिवार तड़के इजराइल ने ईरान पर हमला किया, हालांकि किसी भी आबादी वाले क्षेत्र को निशाना नहीं बनाया गया, सिर्फ सैन्य ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की गई।

इजराइल लौटे फाइटर जेट

यह पहली बार है जब इजराइल की सेना ने ईरान पर खुलेआम हमला किया। इसके अलावा, 1980 के दशक में इराक के साथ युद्ध के बाद से किसी शत्रु देश ने ईरान पर इस प्रकार पहली बार लगातार हमले किए हैं। इजराइल ने कहा कि ईरान में हमले करने के बाद उसके विमान सुरक्षित स्वदेश लौट आए हैं। इजराइली सेना ने कहा कि उसके विमानों ने उन मिसाइल निर्माण संयंत्रों पर हमला किया, जिनका इस्तेमाल उन मिसाइलों को बनाने के लिए किया जाता था जिन्हें ईरान ने पिछले साल इजराइल पर दागा था। सेना ने कहा, इन मिसाइल ने इजराइल के नागरिकों के लिए सीधा और तत्काल खतरा पैदा किया। इजराइल ने सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों और उन अतिरिक्त ईरानी हवाई क्षमताओं पर भी हमला किया, जिनका उद्देश्य ईरान में इजराइल की हवाई संचालन स्वतंत्रता को प्रतिबंधित करना था। इजराइल ने इन हमलों से हुए नुकसान का कोई शुरुआती आकलन मुहैया नहीं कराया।

अमेरिका ने जारी की चेतावनी

इजराइल की ओर से हमले बंद किए जाने के बाद व्हाइट हाउस ने बयान जारी किया है। अमेरिका ने कहा है कि ईरान पर इजराइल के हमलों से हिसाब बराबर हो चुका है और अब दोनों शत्रु देशों के बीच प्रत्यक्ष सैन्य हमले बंद होने चाहिए। अमेरिका ने ईरान को अब इजराइल पर जवाबी हमले करने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उनके प्रशासन को लगता है कि इजराइली (सैन्य) अभियान के उपरांत अब दोनों देशों के बीच सीधे सैन्य हमले बंद होने चाहिए और उसने कहा कि अन्य सहयोगी देश भी इससे सहमत हैं। अमेरिका ने कहा है कि अगर इजराइल पर अब हमला होता है तो अमेरिका उसकी रक्षा करेगा।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article