दुनिया

पाकिस्तान के इंटरनेशनल भिखारी, भीख मांगने के लिए सऊदी जा रहे 24 पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Oct 1, 2023, 10:16 PM IST

पाकिस्तान में ऐसे 24 भिखारियों को मुल्तान हवाई अड्डे पर से गिरफ्तार किया गया है, जो सऊदी अरब जाने वाली उड़ान से मुल्क से भाग रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार ये भिखारी उमरा करने के बहाने खाड़ी देश जाने की कोशिश कर रहे थे।

Image

भीख मांगने के लिए पाकिस्तान के भिखारी जाते हैं विदेश (प्रतीकात्मक फोटो- Pixabay)

आपने सुना होगा कि पाकिस्तान अपने दोस्तों से मदद की भीख मांग रहा है। खाड़ी देशों से मदद मांग रहा है, पाकिस्तान भिखारी हो गया है, लेकिन एक सच्चाई ये भी है कि सरकार के साथ-साथ पाकिस्तान के भिखारी भी भीख मांगने के लिए विदेश जाते हैं। ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। सऊदी अरब तो इन भिखारियों से तंग आ चुका है। ऐसे ही कई पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार किए गए हैं।

मुल्तान से गिरफ्तार

पाकिस्तान में ऐसे 24 भिखारियों को मुल्तान हवाई अड्डे पर से गिरफ्तार किया गया है, जो सऊदी अरब जाने वाली उड़ान से मुल्क से भाग रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार ये भिखारी उमरा करने के बहाने खाड़ी देश जाने की कोशिश कर रहे थे ताकि वहां भीख मांग सकें। डॉन अखबार की खबर के मुताबिक संघीय जांच एजेंसी ने शनिवार रात को मुल्तान हवाई अड्डे पर सऊदी अरब जाने वाली उड़ान से आठ भिखारियों को उतारा जो उमरा के बहाने अरब देश जा रहे थे।

दूसरी घटना

पंजाब सूबे के मुल्तान हवाई अड्डे पर गत कुछ दिनों में यह दूसरी घटना थी। अखबार के मुताबिक दो दिन पहले भी एफआईए ने मुल्तान हवाई अड्डे पर सऊदी अरब जाने वाली उड़ान से 11 महिलाओं, चार पुरुषों और एक बच्चे सहित कुल 16 लोगों को उतारा था। वे उमरा वीजा पर जा रहे थे। उमरा मक्का की धार्मिक यात्रा होती है जो साल में कभी भी की जा सकती है।

एजेंट से थी सेटिंग

एफआईए के अधिकारी तारिक मेहमूद ने इस मामले पर कहा कि जांच के दौरान पता चला कि ये समूह सऊदी अरब भीख मांगने के इरादे से जा रहा था। बयान के अनुसार- "पकड़े गए लोगों ने बताया कि भीख में मिली आधी राशि उन्हें एजेंट को सौंपनी थी।"

विदेश जाते रहे हैं भिखारी

एफआईए ने कहा कि पकड़े गए लोगों के पासपोर्ट जब्त कर लिए गए हैं और उन्हें कानूनी कार्रवाई के लिए मुल्तान में एजेंसी की मानव तस्करी रोधी इकाई के पास भेजा गया है। अखबार के मुताबिक पकड़े गए पहले समूह ने एफआईए अधिकारियों को पूछताछ के दौरान बताया कि वे भीख मांगने के लिए सऊदी अरब जा रहे थे और उमरा वीजा की मियाद पूरी होने के बाद उन्हें पाकिस्तान लौटना था। यह गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब विदेश में रह रहे पाकिस्तानियों और मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने संसद के उच्च सदन में खुलासा किया है कि अधिकतर भिखारी गैर कानूनी तरीके से विदेश जाते हैं।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article