दुनिया

अमेरिका से 119 अप्रवासी भारतीयों को लेकर आ रहा एक और विमान, जानें कब-कहां करेगा लैंड

Indians Deported From US: अमेरिका से 119 अवैध प्रवासियों को लेकर एक विमान आज रात अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरेगा। सूत्रों ने बताया कि अवैध भारतीय प्रवासियों के दूसरे समूह में पंजाब के 67, हरियाणा के 33, गुजरात के आठ, उत्तर प्रदेश के तीन, गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान के दो-दो तथा हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर का एक-एक नागरिक है।

Image

अमेरिका से 119 निर्वासितों को लेकर विमान आज रात अमृतसर पहुंचेगा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Indians Deported From US: अमेरिका से 119 अवैध प्रवासियों को लेकर एक विमान शनिवार रात अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरेगा। यह दूसरी बार होगा जब डोनाल्ड ट्रंप के पिछले महीने अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद भारतीयों को निर्वासित किया जाएगा। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि विमान के शनिवार रात करीब 10 बजे हवाई अड्डे पर उतरने की उम्मीद है। निर्वासित किए गए 119 लोगों में से 100 लोग सिर्फ पंजाब और हरियाणा से हैं। इनमें पंजाब के 67, हरियाणा के 33, गुजरात के आठ, उत्तर प्रदेश के तीन, गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान के दो-दो तथा हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर का एक-एक नागरिक है।

सूत्रों ने बताया कि अवैध भारतीय प्रवासियों के दूसरे समूह में चार महिलाएं और दो नाबालिग हैं, जिनमें छह साल की एक बच्ची भी शामिल है। ज्यादातर निर्वासितों की उम्र 18 से 30 साल के बीच है। उन्होंने कहा कि कुल 157 निर्वासितों को लेकर तीसरे विमान के 16 फरवरी को पहुंचने की उम्मीद है। इससे पहले पांच फरवरी को अमेरिका का एक सैन्य विमान भारत के विभिन्न राज्यों के 104 अवैध प्रवासियों को लेकर अमृतसर पहुंचा था। ट्रंप प्रशासन ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई के तहत इन लोगों को भारत निर्वासित किया था।

सीएम मान ने केंद्र सरकार पर पंजाब को बदनाम करने का लगाया आरोप

इस बीच, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर एक और विमान के अमृतसर हवाई अड्डे पर आने की संभावना पर शुक्रवार को सवाल उठाया। मान ने केंद्र सरकार पर पंजाब को बदनाम करने का आरोप लगाया। मान ने शुक्रवार शाम अमृतसर में पत्रकारों से कहा कि भाजपा नीत केंद्र सरकार हमेशा पंजाब के साथ भेदभाव करती है। वह राज्य को बदनाम करने का कोई मौका नहीं छोड़ती। उन्होंने कहा कि एक साजिश के तहत वे पंजाब और पंजाबियों को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। मान ने केंद्र से यह भी पूछा कि दूसरे विमान को उतारने के लिए अमृतसर हवाई अड्डे को किस मानदंड के तहत चुना गया। उन्होंने कहा कि अमृतसर को चुनने का मानदंड क्या है? केंद्र और विदेश मंत्रालय को मुझे बताना चाहिए। आपने राष्ट्रीय राजधानी के बजाय अमृतसर को क्यों चुना? आपने पंजाब और पंजाबियों को बदनाम करने के लिए ऐसा किया।

भाजपा ने शनिवार को मान पर पलटवार करते हुए उन पर इस मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। आप नेता पर भाजपा नेता तरुण चुघ ने निर्वासितों को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भगवंत मान साहब पंजाब के लोग जानना चाहते हैं कि मासूम नौजवान कैसे बाहर गए, क्यों जाना पड़ा, कौन थे वो लोग जिन्होंने उनकी जिंदगी खराब की। उन्हें अवैध रास्ते क्यों अपनाने पड़े, किसने भेजा, कौन थे वो धोखेबाज एजेंट जिन्होंने उनकी जिंदगी खराब की?

भाजपा महासचिव ने कहा कि युवाओं को अपनी जमीन, घर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ा। दोषियों को पकड़ने और इन युवाओं का जीवन बर्बाद करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय, ‘आप-दा’ पार्टी के नेता इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं। पंजाब और अन्य राज्यों के बहुत से लोग जो ‘डंकी रूट’ (अवैध और जोखिम भरा मार्ग) से अमेरिका में प्रवेश कर गए थे उन्हें अब निर्वासन का सामना करना पड़ रहा है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article