Madhusmita Jena Das : मैराथन दौड़ना और उसमें भी साड़ी पहनकर। यह हैरान करने वाली बात है लेकिन इस कीर्तमान को रचा है भारतीय मूल की उड़िया महिला मधुस्मिता जेना दास ने। 41 वर्षीया मधुस्मिता ने गत रविवार को 42.5 किलोमीटर की मैनचेस्टर मैराथन दौड़ सफलता पूर्वक पूरी की। खास बात यह है कि मधुस्मिता संभलपुरी साड़ी पहनकर मैराथन में शामिल हुईं। साड़ी से मिलता-जुलता इन्होंने स्नीकर्स भी पहना था। इन्होंने यह लंबी दूरी 4 घंटे 50 मिनट में पूरी की।
भारतीय पारंपरिक पहनावे में मैराथन दौड़ में शामिल होने पर मधुस्मिता की तारीफ हो रही है। दौड़ में उनके इस पहनावे पर भारतीय गर्व का अनुभव कर रहे हैं। सोशल मीडिया में मधुस्मिता का गुणगान किया जा रहा है।
मैराथन के दौरान लोगों ने हौसला बढ़ाया
मधुस्मिता के बारे में ट्विटर के एक पोस्ट में लिखा गया, 'ब्रिटेन के मैनचेस्टर में रहने वालीं मधुस्मिता जेना ने सुंदर संभलपुरी साड़ी में मैनचेस्टर मैराथन 2023 को सफलतापूर्वक पूरा किया। इस स्पर्धा के दौरान उन्होंने अपनी गौरवमयी भारतीय विरासत को प्रस्तुत किया।' वीडियो में मधुस्मिता को अन्य धावकों के साथ दौड़ते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान लोग उनका हौसला बढ़ाते एवं प्रशंसा करते नजर आए। दौड़ लगाते समय मधुस्मिता सड़क किनारे खड़े लोगों से हाथ मिलाकर आगे बढ़ते हुए नजर आईं।
ट्विटर पर वीडियो को खूब मिले लाइक-शेयर
ट्विटर पर इस वीडियो को गत 17 अप्रैल को पोस्ट किया गया। इसके बाद से इस पर 54 हजार से ज्यादा लोगों ने अपनी टिप्पणी की है और 237 से ज्यादा री-ट्वीटस हुए हैं। एक व्यक्ति ने कहा कि मधुस्मिता को साड़ी में दौड़ लगाते हुए देखकर उसे काफी खुशी हुई। एक ने कहा, 'बधाई हो मधुस्मिता! वास्तव में यह गर्व महसूस कराने वाला क्षण है।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'वाह कितनी प्यारी तस्वीर है। हमें अपनी संस्कृति दुनिया को इस तरह दिखानी चाहिए, जो विदेशी पोशाक पहनने के लिए तैयार हैं, कृपया उससे सीखें।'
