दुनिया

शिकागो में 2 मई से भारतीय छात्र लापता, कई छात्रों के साथ हो चुकी हैं दिल दहलाने वाली घटनाएं

शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने कहा कि वह रूपेश के बारे में पता लगाने के लिए पुलिस और भारतीय समुदाय के संपर्क में है।

Image

अमेरिका में भारतीय छात्र लापता

Indian Student Missing: अमेरिका के शिकागो में दो मई से एक भारतीय छात्र के लापता होने की खबर है। शिकागो स्थित महावाणिज्य दूतावास ने यह जानकारी दी। भारतीय छात्र से जुड़े इस मामले ने अमेरिका में भारतीय छात्रों की सुरक्षा और रक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले भारतीय नागरिकों पर हमले की कई दिल दहलाने वाली घटनाएं सामने आई हैं। शिकागो पुलिस ने एक बयान में कहा कि रूपेश चंद्र चिंताकिंडी (26) एन शेरिडन रोड के 4300 ब्लॉक से लापता हो गए हैं।

रूपेश को लेकर चिंता बढ़ी

शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने कहा कि वह रूपेश के बारे में पता लगाने के लिए पुलिस और भारतीय समुदाय के संपर्क में है। महावाणिज्य दूतावास ने अमेरिका में भारतीय दूतावास और भारत के विदेश मंत्रालय को संबोधित करते एक्स पर एक पोस्ट में कहा, वाणिज्य दूतावास यह जान कर बेहद चिंतित है कि भारतीय छात्र रूपेश चंद्र चिंताकिंडी दो मई से किसी के संपर्क में नहीं हैं। वाणिज्य दूतावास रूपेश का पता लगाने के लिए पुलिस और भारतीय समुदाय के संपर्क में है।

पुलिस ने की अपील

शिकागो पुलिस ने छह मई को एक बयान जारी करके लोगों से कहा कि अगर उन्हें रूपेश के बारे में कुछ भी पता चले तो वह पुलिस को इसकी जानकारी दें। भारतीय छात्र से जुड़े इस मामले ने अमेरिका में भारतीय छात्रों की सुरक्षा और रक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हाल के दिनों में देश में भारत से जुड़े छात्रों पर हमले तेजी से बढ़े हैं। इससे पहले 25 वर्षीय भारतीय छात्र मार्च से लापता था और अप्रैल में वह क्लीवलैंड में मृत पाया गया था। इस छात्र का नाम मोहम्मद अब्दुल अरफात था और वह हैदराबाद के नाचाराम का रहने वाला था। वह पिछले साल मई में क्लीवलैंड यूनिवर्सिटी से आईटी में मास्टर्स करने के लिए अमेरिका आया था।

कई छात्रों की हो चुकी है मौत

मार्च में भारत के 34 वर्षीय प्रशिक्षित शास्त्रीय नर्तक अमरनाथ घोष की मिसौरी के सेंट लुइस में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पर्ड्यू विश्वविद्यालय से पढ़ाई कर रहे 23 वर्षीय भारतीय-अमेरिकी छात्र समीर कामथ पांच फरवरी को इंडियाना में एक संरक्षित क्षेत्र में मृत पाए गए थे। जनवरी में इलिनोइस विश्वविद्यालय के 18 वर्षीय छात्र अकुल धवन को परिसर की एक इमारत के बाहर बेसुध पाया गया था। जांच में पता चला कि हाइपोथर्मिया से उनकी जान जा चुकी थी।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article