Indian student killed in US: अमेरिका में पढ़ाई करने गए एक भारतीय छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। अमेरिका में मास्टर की पढ़ाई करने गए 25 साल के भारतीय छात्र की जॉर्जिया के लिथोनिआ में बेरहमी से मारा गया। इस घटना का वीडियो सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुआ है। इस वीडियो में आरोपी जूलियन फॉकनर को हथौड़े से भारतीय छात्र विवेक सैनी पर हमला करते हुए देखा जा सकता है।
स्टोर में क्लर्क का भी काम करता था विवेक
रिपोर्टों के मुताबिक पढ़ाई करने के साथ-साथ विवेक एक स्टोर में क्लर्क का काम करता था। यहां काम करने वाले अन्य कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि वे आरोपी फॉकनर को कई दिनों से स्टोर में शरण दिए हुए थे। फॉकनर के पास रहने के लिए कोई घर नहीं था। विवेक और अन्य कर्मियों ने फॉकनर को खाने के लिए चिप्स, कोक, पानी और खुद को गर्म रखने के लिए एक जैकेट दिया था। कर्मचारियों ने बताया कि बाहर ठंड बहुत ज्यादा थी, इसलिए उन्होंने फॉकनर को स्टोर से जाने के लिए नहीं कहा। लेकिन बीते 16 जनवरी को विवेक ने उसे स्टोर से जाने के लिए कहा। विवेक ने कहा कि अगर वह स्टोर से नहीं जाएगा तो वह पुलिस को बुलाएगा।
हथौड़े से करीब 50 बार हमले किए
पुलिस के मुताबिक स्टोर से विवेक जब घर जाने की तैयारी कर रहा था, उसी समय आरोपी ने उस पर हमला किया। स्टोर के एक कर्मचारी ने बताया कि आरोपी ने विवेक के चेहरे और सिर पर हथौड़े से करीब 50 बार हमले किए।
