Vishwachand Kolla: भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक विश्वचंद कोल्ला की बोस्टन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हादसे में मौत हो गई। 47 वर्षीय कोल्ला मूल रूप से आंध्र प्रदेश के रहने वाले थे और वह तकेडा फार्मास्युटिकल कंपनी में डाटा एनालिस्ट का काम करते थे। कोल्ला अपने मित्र को रिसीव करने एयरपोर्ट गए हुए थे। वह बस स्टैंड पर इंतजार कर रहे थे, इसी दौरान बस ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में उन्होंने मौके पर दम तोड़ दिया।
दोस्त को रिसीव करने एयरपोर्ट गए थे
अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टों में कहा गया है कि कोल्ला एक संगीतकार को रिसीव करने के लिए बोस्टन के लोगान इंटरनेशनल एयरपोर्ट गए थे। वह बस स्टैंड पर खड़े थे, इसी दौरान बस ने उन्हें टक्कर मार दी। यह घटना बीते 28 मार्च की है। मेसचुसेट्स पुलिस का कहना है कि शाम के करीब 5 बजे कोल्ला टर्मिनल बी के लोवर लेवल पर खड़े थे तभी बस ने उन्हें टक्कर मारी।
मौके पर हुई मौत
राज्य पुलिस के प्रवक्ता डेव प्रोकोपिओ ने अपने एक बयान में कहा, 'कोल्ला अपनी एकुरा एसयूवी के पास खड़े थे तभी डार्टमाउथ ट्रांसपोर्टेशन का मोटर कोच वहां से गुजरा। जांच में पता चला है कि बस का बीच का हिस्सा कोल्ला के संपर्क में आ गया।' रिपोर्ट में कहा गया कि एक ऑफ ड्यूटी नर्स कोल्ला की मदद के लिए पहुंची लेकिन उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बस की चालक एक 54 साल की महिला बताई जा रही है। अभी उसके खिलाफ कोई चार्ज नहीं लगाया गया है।
