अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ता ही जा रहा है। वहीं, पश्चिम एशिया में बढ़ते सुरक्षा जोखिम और सैन्य तनाव के बीच भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए एक नई एडवाइजरी जारी की है। इसमें दूतावास ने लोगों से फिलहाल ईरान की यात्रा टालने और वहां पहले से मौजूद भारतीयों से उपलब्ध उड़ानों के जरिए अस्थायी रूप से देश छोड़ने पर विचार करने की अपील की है।
यात्रा करें स्थगित
भारतीय दूतावास ने 19 जुलाई को जारी एडवाइजरी में कहा है कि हाल के दिनों में ईरान में अस्थिरता और संघर्ष बहुत तेजी से बढ़ा है। ऐसे में जो भारतीय किसी भी उद्देश्य से ईरान जाने की योजना बना रहे हैं, वे फिलहाल अपनी यात्रा स्थगित करें और सुरक्षा स्थिति सामान्य होने का इंतजार करें।
दूतावास ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों को सलाह दी है कि यदि संभव हो तो उपलब्ध फ्लाइट सेवाओं का उपयोग कर अस्थायी रूप से ईरान से बाहर निकल जाएं। वहीं, जो लोग फिलहाल ईरान में ही रहने का निर्णय लेते हैं, उन्हें अत्यधिक सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के सभी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। इसके साथ ही एडवाइजरी में भारतीयों को नियमित रूप से समाचारों पर नजर रखने और दक्षिणी तटीय इलाकों सहित उन क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है, जहां सैन्य गतिविधियां अधिक हैं।
दूतावास के पास कराएं अपना पंजीकरण
इसके अलावा, भारतीय दूतावास ने कहा है कि जिन भारतीय नागरिकों ने अभी तक दूतावास के पास अपना पंजीकरण नहीं कराया है, वे तुरंत अपनी जानकारी दर्ज कराएं और आगे के अपडेट के लिए दूतावास की वेबसाइट तथा आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर बनाए रखें।
साथ ही, तेहरान में भारतीय दूतावास ने किसी भी आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। दूतावास ने +989128109115, +989128109102, +989128109109 और +989932179359 जारी किए हैं। साथ ही सहायता के लिए cons.tehran@mea.gov.in पर ईमेल करने को भी कहा गया है।
