दुनिया

IDY 2025: 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले इथियोपिया में भारतीय दूतावास ने कराया विशेष योग सत्र का आयोजन

IDY 2025: इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा स्थित भारतीय अंतर्राष्ट्रीय विद्यालय में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय दूतावास के द्वारा आयोजित किया गया।

Image

अदीस अबाबा स्थित भारतीय दूतावास में विशेष योग सत्र का आयोजन

IDY 2025: अदीस अबाबा स्थित भारतीय अंतर्राष्ट्रीय विद्यालय में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (IDY) 2025 की तैयारियों के हिस्से के रूप में भारतीय दूतावास द्वारा एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य स्कूली छात्रों को योग की वैज्ञानिक और सांस्कृतिक महत्ता से परिचित कराना और उन्हें इस प्राचीन भारतीय परंपरा की ओर आकर्षित करना था।

इस विशेष अवसर पर विद्यालय के प्राथमिक और माध्यमिक वर्गों के 400 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्रों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए, जिससे उन्हें शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक संतुलन के अनुभव का अवसर मिला। पूरे आयोजन में ऊर्जा, उत्साह और अनुशासन का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।

भारत के राजदूत अनिल राय ने स्वयं सत्र में उपस्थित रहकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा- "योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवनशैली है। यह शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली पद्धति है जो अनुशासन, आत्मनियंत्रण और आंतरिक संतुलन सिखाती है। बच्चों में योग के प्रति जागरूकता और रुचि देखना अत्यंत सुखद अनुभव है। यह उनके सम्पूर्ण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस तरह की पहल से न केवल स्वास्थ्य सुधरता है, बल्कि चरित्र निर्माण और मानसिक विकास को भी प्रोत्साहन मिलता है।"

अनिल राय ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विशेष रूप से विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की और ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने यह भी कहा कि योग, भारत की सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग है और विश्व भर में इसके प्रभाव और लोकप्रियता में निरंतर वृद्धि हो रही है।

भारतीय दूतावास की यह पहल 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' और 'आयुष्मान भारत' जैसे अभियानों के अनुरूप है, जो स्वास्थ्य, सौहार्द और संस्कृति के क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article