दुनिया

कनाडा में भारतीय की गोली मारकर हत्या;कर्नाटक का रहने वाला था मृतक, परिजनों ने बताया हत्या का कारण

कनाडा में भारतीय-कनाडाई नागरिक की टोरंटो के एक व्यस्त शॉपिंग सेंटर की पार्किंग में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। टोरंटो पुलिस सर्विस ने पीड़ित की पहचान ब्रैम्पटन निवासी चंदन कुमार राजा नंदकुमार के रूप में की है।पुलिस ने बताया कि पीड़ित ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

Crime Scene

क्राइन सीन

Photo : iStock

कनाडा के टोरंटो में एक व्यस्त शॉपिंग सेंटर के पार्किंग स्थल में अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई गोलीबारी में 37 वर्षीय एक भारतीय-कनाडाई व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। इस संबंध में रविवार को जारी एक बयान में टोरंटो पुलिस ने मृतक की पहचान ब्रैम्पटन निवासी चंदन कुमार राजा नंदकुमार के रूप में की है।

बयान के अनुसार,शनिवार को दोपहर लगभग 3:31 बजे पुलिस को रेक्सडेल बुलेवार्ड और राजमार्ग 27 पर स्थित वुडबाइन शॉपिंग सेंटर के पार्किंग स्थल में गोलीबारी की सूचना मिली।घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अधिकारियों को एक व्यक्ति गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला,जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि,उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की तलाश

वारदात को अंजाम देने के बाद संदिग्ध वाहन से फरार हो गए।टोरंटो में यह इस साल की ऐसी तीसरी हत्या है।घटनास्थल से मिली तस्वीरों में एक सफेद एसयूवी के आगे के शीशों पर गोलियों के निशान हैं। इसी के साथ चालक की ओर की खिड़की का शीशा भी टूटा हुआ दिखाई दे रहा है। गोलीबारी की परिस्थितियों और कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है लेकिन पुलिस का मानना है कि यह एक लक्षित हमला था।

पुलिस निरीक्षक एरोल वॉटसन के अनुसार,यह कोई आकस्मिक घटना नहीं लगती। उन्होंने बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि हमले में कितने संदिग्ध शामिल थे और कितनी गोलियां चलाई गईं।

माता-पिता चाहते थे वह घर लौट आए

इस बीच सामने आया है कि कनाडा में गोलीबारी में मारे गए एक भारतीय आईटी पेशेवर के माता-पिता पिछले कुछ समय से अपने बेटे को घर लौटने के लिए कह रहे थे,लेकिन उसने उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया।

माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल

टोरंटो में मारे गए चंदन कुमार के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक बेंगलुरु के बाहरी इलाके में नेलमंगला के थ्यामागोंडलु का रहने वाला था।कुमार की हत्या की खबर मिलने के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है। उनके पिता नंद कुमार ने कहा कि हमने कभी सपने में भी इसकी उम्मीद नहीं की थी। हम उससे वापस आने के लिए कह रहे थे क्योंकि उसे कनाडा गए छह-सात साल हो गए थे,लेकिन उसने हमारी बात नहीं मानी।

पिता ने की शव भारत लाने की अपील

नंद कुमार ने भारत सरकार से अपने बेटे के शव को देश लाने में मदद करने की अपील की है ताकि उसका अंतिम संस्कार यहां किया जा सके। पीड़ित की मां ने दावा किया कि चंदन कुमार ने टोरंटो में एक कन्नड़ संघ बनाया था,जो उनकी हत्या का कारण हो सकता है।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article