दुनिया

भारत कर रहा हमले की तैयारी- UN में जब कश्मीर मुद्दे पर अकेला पड़ा पाकिस्तान तो बोले शहबाज शरीफ, दी गीदड़ भभकी

पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ ने गीदड़ भभकी देते हुए अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को निरस्त करने के भारत के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि स्थायी शांति सुनिश्चित करने के लिए ‘‘ भारत को अगस्त 2019 के एकतरफा और अवैध कदमों को वापस लेना होगा

Image

यूएन में कश्मीर मामले पर अलग-थलग पड़ा पाकिस्तान

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • यूएम में पाक पीएम का कश्मीर राग
  • अलग-थलग पड़ने पर दी गीदड़ भभकी
  • Pok पर हमले की तैयारी का दावा

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के सालाना संबोधन में एक बार फिर कश्मीर का मुद्दा उठाया। उन्होंने दावा किया कि भारत पर ‘‘ बड़े पैमाने पर सैन्य क्षमता का विस्तार’’ करने व पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) पर कब्जा करने के लिए नियंत्रण रेखा (एलओसी) को पार करने की धमकी देने का आरोप लगाया।

कश्मीर राग अलापा

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने मांग की कि भारत को 2019 में जम्मू- कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के फैसले को वापस लेना चाहिए। उन्होंने भारत पर अपनी मुस्लिम आबादी को अधीन करने और इस्लामी विरासत को खत्म करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया। शरीफ ने कहा कि फलस्तीन के लोगों की तरह, जम्मू-कश्मीर के लोगों का भी अपनी आजादी और आत्मनिर्णय के अधिकार के लिए लंबे समय से संघर्ष जारी है। शरीफ ने अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को निरस्त करने के भारत के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि स्थायी शांति सुनिश्चित करने के लिए ‘‘ भारत को अगस्त 2019 के एकतरफा और अवैध कदमों को वापस लेना होगा और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा प्रस्तावों तथा कश्मीरी लोगों की इच्छाओं के अनुरूप जम्मू कश्मीर के मुद्दे के शांतिपूर्ण समाधान के लिए बातचीत शुरू करनी होगी।’’

पाकिस्तान उठाते रहा है कश्मीर मुद्दा

पाकिस्तान नियमित रूप से संयुक्त राष्ट्र के वार्षिक संबोधन में कश्मीर मुद्दा उठाता रहा है। उम्मीद है कि भारत शरीफ के आरोपों के विरोध के लिए अपने जवाब देने के अधिकार का इस्तेमाल कर सकता है। शरीफ ने करीब 20 मिनट तक दिए अपने भाषण में दावा किया कि शांति की ओर बढ़ने के बजाय, भारत जम्मू-कश्मीर पर सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों को लागू करने की अपनी प्रतिबद्धताओं से पीछे हट गया है। उन्होंने कहा, ‘‘इन प्रस्तावों में जम्मू-कश्मीर के लोगों को आत्मनिर्णय के अपने मौलिक अधिकार का प्रयोग करने में सक्षम बनाने के लिए जनमत संग्रह कराने की बात कहीं गई है।’’

भारत कर रहा है हमले की तैयारी-पाक

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 79वें सत्र को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘और भी चिंताजनक बात यह है कि वह अपनी सैन्य क्षमताओं के बड़े पैमाने पर विस्तार करने में लगा हुआ है जो अनिवार्य रूप से पाकिस्तान के खिलाफ है।’’उन्होंने कहा, ‘‘इसके युद्ध सिद्धांत एक अचानक हमले और परमाणु दबाव के तहत एक सीमित युद्ध की परिकल्पना करते हैं। मैं स्पष्ट कर दूं कि पाकिस्तान किसी भी भारतीय आक्रमण का निर्णायक जवाब देगा।’’

इजराइल को भी घेरा

शरीफ ने गाजा, यूक्रेन और अफगानिस्तान के हालात का भी उल्लेख किया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने ‘गाजा में इजराइल के नरसंहार युद्ध’, यूक्रेन में एक खतरनाक संघर्ष, अफ्रीका और एशिया में विनाशकारी संघर्ष, बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, आतंकवाद का फिर से उभरना, तेजी से बढ़ती गरीबी, गंभीर कर्ज और जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख किया। साथ ही शरीफ ने कहा, ‘‘आज, हम विश्व व्यवस्था के लिहाज से सबसे कठिन चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।’’

भाषा की रिपोर्ट

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article