India-Uzbekistan Trade: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ताशकंद में कहा कि उज्बेकिस्तान मध्य एशिया के केंद्र में है और इस क्षेत्र के साथ भारत के जुड़ाव में भी उसकी अहम भूमिका है। भारत और उज्बेकिस्तान की सोच और आकांक्षाओं में गहरी समानताएं हैं।
ताशकंद में पीएम मोदी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को किया संबोधित (फोटो साभार: @BJP4India)
PM मोदी ने बताई नई साझेदारी की दिशा
पीएम मोदी ने ताशकंद में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार एक बिलियन डॉलर पार कर चुका है और अब हमने 2030 तक 5 बिलियन डॉलर का लक्ष्य रखा है। पीएम मोदी ने कहा कि युवा शक्ति, नवाचार, समावेशी विकास और आधुनिक तकनीक 'यंग उज्बेकिस्तान' और 'विकसित भारत 2047' दोनों के मूल में हैं। इसी साझा विजन के तहत दोनों देश अपने नागरिकों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष भारत और उज्बेकिस्तान के बीच रणनीतिक साझेदारी के 15 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस खास मौके पर दोनों देशों ने अपने संबंधों को 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' तक ले जाने का फैसला किया है।
पीएम मोदी ने कहा कि 2 दिन बाद उज्बेकिस्तान अपनी स्वतंत्रता की 35वीं वर्षगांठ मनाएगा। मैं 140 करोड़ भारतवासियों की ओर से आपको और सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।
'PM मोदी की उज्बेकिस्तान यात्रा ऐतिहासिक'
ताशकंद में राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पीएम मोदी की उज्बेकिस्तान यात्रा को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने द्विपक्षीय संबंधों में इस अहम उपलब्धि को हासिल करने में अमूल्य व्यक्तिगत योगदान दिया। उन्होंने कहा, ''आज की ऐतिहासिक यात्रा और हमारी सार्थक वार्ता के परिणामस्वरूप हमने अपने मित्र देशों के बीच संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचा दिया।''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: PM मोदी को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान, यूरेनियम डील और 30 दिन की वीजा-फ्री एंट्री से रिश्तों को मिली नई मजबूती
PM मोदी को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान
ताशकंद में राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने पीएम मोदी को उज्बेकिस्तान के 'ओली दराजाली दोस्तलिक' सम्मान से नवाजा। पीएम मोदी ने इसके लिए राष्ट्रपति मिर्जियोयेव को धन्यवाद दिया और कहा कि भारत और उज्बेकिस्तान वैश्विक दक्षिण और मानवता के कल्याण के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव को अपना मित्र बताते हुए अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान उन्हें और भारतीय प्रतिनिधिमंडल को मिले स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह यात्रा उनके लिए यादगार रहेगी।
