दुनिया

होर्मुज में बिगड़े हालात: US से तनातनी के बीच ईरान ने भारतीय जहाजों को बनाया निशाना, भारत ने ईरानी राजदूत को किया तलब

Strait of Hormuz: ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स द्वारा की गई गोलीबारी की घटना के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य में दो भारतीय जहाजों को अपना मार्ग बदलना पड़ा। जिसके बाद भारत ने शनिवार को ईरानी राजदूत मोहम्मद फथली को तलब किया।

Image

होर्मुज में दो भारतीय ध्वज वाले जहाजों पर फायरिंग।

Strait of Hormuz: पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। कथित तौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे दो जहाजों पर ईरानी सैनिकों की ओर से गोलीबारी की गई है। इनमें भारतीय ध्वज वाला जहाज भी शामिल था। जिसके बाद दो भारतीय जहाजों को रास्ता बदलकर लौटना पड़ा। इस घटना के बाद भारत ने शनिवार को ईरानी राजदूत मोहम्मद फथली को तलब किया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस गंभीर घटना पर भारत ने कड़ी आपत्ति जताते हुए अपने नागरिकों और समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है। हालांकि फाथली को विदेश मंत्रालय में तलब करने के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

दो भारतीय जहाजों ने लिया यूटर्न

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये घटना भारतीय ध्वज वाले जहाज जग अर्नव और सन्मार हेराल्ड से संबंधित है। होर्मुज खुलने के बाद ये दोनों उसे पार करने की कोशिश में थे। इनमें से जग अर्नव करीब 20 लाख बैरल ईराकी तेल लोडकर आ रहा था, तभी उस पर फायरिंग की गई। घटना के समय दूसरा जहाद सन्मार हेराल्ड भी वहीं पास में मौजूद था, हालांकि उसे निशाने पर नहीं लिया गया। इस घटना के बाद दोनों यूटर्न लेकर वापस लौट गए। हालांकि इस घटना में चालक दल के किसी भी सदस्य को कोई चोट नहीं आई है।

खतरे में सप्लाई चेन

यह घटना Strait of Hormuz में हुई, जो दुनिया के सबसे व्यस्त और रणनीतिक समुद्री मार्गों में से एक है। सूत्रों के मुताबिक, भारत ने ईरान से इस घटना की पूरी जांच करने, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों यह सुनिश्चित करने की मांग की है। भारतीय पक्ष ने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानूनों का पालन और जहाजों की सुरक्षित आवाजाही बेहद जरूरी है। सरकार का कहना है कि डायरेक्टर जनरल ऑफ शिपिंग हालात पर नजर बनाए हुए हैं। इस घटना ने जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सहित वैश्विक तेल सप्लाई चेन की सुरक्षा को खतरे में डाल दिया है।

ईरान पर नाकाबंदी शुरू होने के बाद से 23 जहाज वापस लौट गए हैं- अमेरिका

इस बीच, अमेरिकी सेना ने होर्मुज में नाकेबंदी करने के बाद हालात की जानकारी दी है। अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड ने बताया कि ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकाबंदी लागू करने के बाद से उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास 23 जहाजों को वापस लौटने पर मजबूर कर दिया है।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article