दुनिया

कोई भी टिप्पणी करने से पहले अपना रिकॉर्ड देखें- ईरान के सुप्रीम लीडर को भारत का सख्त संदेश, मुस्लिमों को लेकर दिया था बयान

ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई ने भारतीय मुस्लिमों को लेकर एक बयान दिया था, जिसे लेकर अब भारत की ओर से जवाब आ गया है। भारत ने अल्पसंख्यकों के बारे में की गई टिप्पणियों की कड़ी निंदा की है।

Image

ईरान के सुप्रीम लीडर को भारत का सख्त संदेश

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • ईरान के सर्वोच्च नेता के बयान पर भारत सख्त
  • भारतीय मुस्लिमों को लेकर दिया था बयान
  • भारत ने ईरान को भेजा सख्त संदेश

ईरान के सुप्रीम लीडर के भारतीय मुसलमानों को लेकर दिए गए बयान पर भारत ने सख्त नाराजगी जाहिर की है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इसपर ईरान को कड़ा संदेश दिया है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि कोई भी टिप्पणी करने से पहले अपना रिकॉर्ड देख लें।

भारतीय मुस्लिमों पर क्या बोले थे अली खामेनेई

ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई ने सोमवार को पैगंबर मोहम्मद की जयंती के अवसर पर दुनिया भर के मुसलमानों से एकजुटता का आह्वान करते हुए एक संदेश में भारत, गाजा और म्यांमार में मुसलमानों की “पीड़ा” को उठाया था। एक्स पर पोस्ट किए गए खामेनेई के संदेश में इस बारे में कोई विवरण नहीं दिया गया कि उन्होंने भारत के मुस्लिम अल्पसंख्यक का विशेष रूप से उल्लेख क्यों किया। उन्होंने कहा- "अगर हम म्यांमार, गाजा, भारत या किसी अन्य स्थान पर मुसलमानों द्वारा झेली जा रही पीड़ा से अनभिज्ञ हैं, तो हम खुद को मुसलमान नहीं मान सकते। इस्लाम के दुश्मनों ने हमेशा हमें इस्लामी उम्माह के रूप में हमारी साझा पहचान के प्रति उदासीन बनाने की कोशिश की है।"

भारत ने खामेनेई के बयान पर जताई नाराजगी

खामेनेई के बयान पर भारत ने सख्त नाराजगी जाहिर की है। ईरान के सर्वोच्च नेता के बयान को खारिज करते हुए भारत ने कहा- "हम ईरान के सर्वोच्च नेता द्वारा भारत में अल्पसंख्यकों के बारे में की गई टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हैं। ये गलत सूचना पर आधारित और अस्वीकार्य हैं। अल्पसंख्यकों पर टिप्पणी करने वाले देशों को सलाह दी जाती है कि वे दूसरों के बारे में कोई भी टिप्पणी करने से पहले अपना रिकॉर्ड देखें।"

ईरान के साथ संबंधों पर पड़ सकता है असर

भारत और ईरान के बीच घनिष्ठ संबंध हैं और द्विपक्षीय संबंधों में कोई बड़ी अड़चन नहीं आई है। भारत के पास वर्तमान में चाबहार के रणनीतिक ईरानी बंदरगाह में बड़ी हिस्सेदारी है, जहां एक भारतीय सरकारी कंपनी एक टर्मिनल संचालित करती है। ईरान के साथ भारत हमेशा खड़ा दिखा है, लेकिन खामेनेई के इस बयान के बाद दोनों देशों के रिश्ते में तनाव आ सकता है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article