दुनिया

India-US Tariffs: अब अमेरिका नहीं जा सकेगा भारतीय डाक! टैरिफ पर मतभेद के बीच सभी बुकिंग सेवाएं ठप

India-US Tariffs: भारत ने अमेरिका टैरिप वॉर के बीच सभी प्रकार की डाक सेवाएं तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी। डाक विभाग ने एक अधिसूचना में कहा कि भारत ने अमेरिका जाने वाले 100 डॉलर तक के मूल्य के पत्रों, दस्तावेजों और उपहार वस्तुओं सहित सभी श्रेणियों के मेल की बुकिंग को पूरी तरह से निलंबित करने का निर्णय लिया है।

Image

भारतीय डाक विभाग ने अमेरिका की सभी डाक बुकिंग की सेवाएं रोकीं (फोटो-Istock)

India-US Tariffs: भारत से अमेरिका भेजे जाने वाले पत्र, दस्तावेज और उपहार फिलहाल नहीं पहुंच पाएंगे। डाक विभाग ने रविवार (31 अगस्त, 2025) को बड़ी घोषणा करते हुए अमेरिका के लिए डाक बुकिंग को पूर्ण रूप से निलंबित कर दिया है। दरअसल, अमेरिका जाने वाले डाक की ढुलाई करने वाली वाहक कंपनियों ने अपनी सेवाएं रोक दी हैं। साथ ही, इस काम के लिए आवश्यक नियामक ढांचे की अनुपलब्धता भी एक बड़ी वजह बनी। इसी कारण विभाग ने कड़ा कदम उठाते हुए अमेरिका जाने वाले सभी तरह के डाक की बुकिंग तत्काल प्रभाव से रोक दी है।

क्या-क्या बंद रहेगा?

अब ग्राहक 100 अमेरिकी डॉलर तक के मूल्य वाले पत्र, दस्तावेज, ग्रीटिंग कार्ड, उपहार सामग्री और पार्सल अमेरिका नहीं भेज पाएंगे। यानी व्यक्तिगत हो या कारोबारी—हर तरह की डाक बुकिंग बंद कर दी गई है। जिन ग्राहकों ने पहले ही अपना सामान या पत्र बुक करा दिया था, लेकिन जिसे अभी तक भेजा नहीं जा सका है—वे अपना डाक शुल्क वापसी (रिफंड) ले सकते हैं। इसके लिए उन्हें नजदीकी डाकघर से संपर्क करना होगा।

कब शुरू होगी सेवा?

फिलहाल कोई निश्चित तारीख तय नहीं की गई है। डाक विभाग ने कहा है कि वह हालात पर लगातार नजर रख रहा है और जैसे ही वाहक कंपनियों की सेवाएं फिर से उपलब्ध होंगी, अमेरिका के लिए डाक बुकिंग को बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

ग्राहकों से अपील

विभाग ने इस असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा है कि आम लोग धैर्य बनाए रखें। यह फैसला उनकी सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखकर लिया गया है। कुल मिलाकर, अगर आप अमेरिका में अपने रिश्तेदार या दोस्तों को कोई पत्र या गिफ्ट भेजने की सोच रहे थे, तो फिलहाल इंतजार करना होगा। डाक विभाग की ओर से स्थिति सामान्य होते ही बुकिंग सेवा फिर से शुरू कर दी जाएगी।

Prerit Kumar
प्रेरित कुमारauthor

मैं एक जिज्ञासु पत्रकार हूँ, जो खबरों के हर पहलू को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य का अनुभव रखता हूँ। पत्रकारिता की दुनिया में एक दशक से सक्रिय हूँ। समाज और सच्चाई को जोड़ने वाली सार्थक पत्रकारिता में विश्वास करता हूँ।

और पढ़ें
End of Article