India-Canada Tension Row: कनाडा (Canada) के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो (Justin Trudeau) ने हिंदुस्तान (India) को फिर से आड़े हाथों लेने का प्रयास किया है। उन्होंने अपना आरोप दोहराया है कि भारत ने वियना कन्वेंशन (Vienna Convention) का उल्लंघन किया है। ट्रूडो की यह टिप्पणी भारत और कनाडा के बीच राजनयिक विवाद के बीच 40 से अधिक कनाडाई राजनयिकों के चले जाने के बाद आई है।
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो। (फाइल)
शनिवार (12 नवंबर, 2023) को सॉल्ट स्टे में एक रिबन काटने के समारोह में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए वह बोले- हम कनाडा की धरती पर खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के "गंभीर मामले" पर भारत के साथ "रचनात्मक रूप से काम" करना चाहते हैं और हमारा मुल्क "हमेशा कानून के शासन के लिए खड़ा रहेगा।"
बकौल ट्रूडो, "हम बहुत स्पष्ट हैं कि हम इस गंभीर मामले पर भारत के साथ रचनात्मक रूप से काम करना चाहते हैं। शुरुआत से ही हमने वास्तविक आरोपों को साझा किया है, जिसके बारे में हम गहराई से चिंतित हैं। लेकिन हम भारत सरकार और दुनिया भर के साझेदारों को इसकी तह तक जाने के लिए पहुंच गए हैं और उनसे इसे गंभीरता से लेने को कहा है।''
कनाडाई पीएम के मुताबिक, यही कारण है कि जब भारत ने वियना कन्वेंशन का उल्लंघन किया और भारत में 40 से अधिक कनाडाई राजनयिकों की राजनयिक छूट को मनमाने ढंग से रद्द कर दिया तो हम बहुत निराश हुए। ट्रूडो ने आगे बताया, "कनाडा एक ऐसा देश है जो हमेशा कानून के शासन के लिए खड़ा रहेगा। अगर बड़े देश बिना परिणाम के अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन कर सकते हैं, तो पूरी दुनिया सभी के लिए और अधिक खतरनाक हो जाएगी।" (ANI इनपुट्स के साथ)
