दुनिया

Pakistan Chunav: संकट में इमरान खान की पार्टी! कौन कर रहा उम्मीदवारों को मजबूर? जानें पूरा विवाद

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 23, 2023, 05:13 PM IST

Pakistan Election Update: पाकिस्तान में चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो चुकी है। चुनाव आयोग आठ फरवरी के लिए आम चुनावों का कार्यक्रम जारी कर चुकी है। इस बीच पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी ने आरोप लगाया है कि 'उम्मीदवारों को चुनाव प्रक्रिया से हटने के लिए मजबूर किया गया।'

Image

कौन बनेगा पाकिस्तान का अगला प्रधानमंत्री?

Imran Khan News: पाकिस्तान का अगला प्रधानमंत्री कौन बनेगा? इस सवाल का जवाब अगले साल फरवरी महीने में मिल जाएगा। मगर इस बीच पाकिस्तान में एक नए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान फिलहाल जेल में बंद हैं, मगर उनकी पार्टी की ओर से ये आरोप लगाया गया कि चुनाव प्रक्रिया से हटने के लिए उनकी पार्टी के उम्मीदवारों को मजबूर किया गया।

चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने से रोका गया

इमरान खान की पार्टी ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग और न्यायालय से आश्वासन मिलने के बावजूद उसके सदस्यों को निशाना बनाया गया, गिरफ्तार किया गया और आठ फरवरी को होने वाले चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने से रोका गया। पाकिस्तान के निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संगठनात्मक चुनावों और क्रिकेट के बल्ले को चुनाव चिन्ह के रूप में रखने की उसकी याचिका को खारिज कर दिया था, जिसके बाद पार्टी ने यह आरोप लगाया है। चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 24 दिसंबर है।

50 से अधिक पीटीआई नेताओं की एक सूची तैयार

डॉन अखबार की एक खबर के अनुसार, पीटीआई के कई उम्मीदवारों को चुनाव अधिकारी (आरओ) तक पहुंचने की इजाजत नहीं दी गई, जिससे कार्यवाहक सरकार के सभी को समान अवसर प्रदान करने का दावा खोखला साबित हो गया। पार्टी के वकीलों का कहना है कि पुलिस ने 50 से अधिक पीटीआई नेताओं की एक सूची तैयार की है ताकि उन्हें नामांकन दाखिल करने से रोका जा सके। इन नेताओं पर पहले से ही पंजाब में नौ मई को हुए दंगों के मामले दर्ज हैं। पीटीआई नेताओं ने डॉन समाचार पत्र को बताया कि पुलिस उनके संवैधानिक अधिकार को कुचल रही है।

पाकिस्तान में कब होगा आम चुनाव? देखें शेड्यूल

पाकिस्तान निर्वाचन आयोग (ईसीपी) ने उस वक्त चुनाव कार्यक्रम जारी किया, जब उच्चतम न्यायालय ने आम चुनाव के लिए नौकरशाहों को निर्वाचन अधिकारी के रूप में नियुक्त करने के निर्वाचन आयोग के फैसले को स्थगित करने वाले लाहौर उच्च न्यायालय (एचएचसी) के निर्णय को खारिज कर दिया गया था। ईसीपी की अधिसूचना के अनुसार, उम्मीदवार 20 दिसंबर से 22 दिसंबर तक नामांकन दाखिल करा सकते हैं। नामांकन भरने वाले उम्मीदवारों के नाम 23 दिसंबर को प्रकाशित किए जाएंगे और उनके दस्तावेजों की जांच 24 दिसंबर से 30 दिसंबर तक की जाएगी।

पाकिस्तान में आठ फरवरी को होगा मतदान

नामांकन पत्रों को खारिज या स्वीकार करने के निर्वाचन अधिकारी के फैसले के खिलाफ अपील दायर करने की अंतिम तिथि तीन जनवरी होगी और अपीलीय न्यायाधिकरण द्वारा उम्मीदवारों की अपील पर निर्णय लेने की अंतिम तिथि 10 जनवरी होगी। उम्मीदवारों की संशोधित सूची 11 जनवरी को प्रकाशित की जाएगी और उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख 12 जनवरी है। मतदान आठ फरवरी को होगा।

(भाषा)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article