दुनिया

बदहाल पाकिस्तान में इमरान खान की पार्टी पर गिरी गाज; लाहौर में मेगा रैली से पहले PTI नेताओं की हुई गिरफ्तारी

Pakistan: बदहाल पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी के नेताओं की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। बता दें कि पीटीआई की लाहौर में एक रैली होने वाली है उससे पहले पंजाब पुलिस ने कई पार्टी नेताओं को गिरफ्तार किया है। जिसको लेकर पीटीआई नेता आक्रोशित नजर आ रहे हैं।

Image

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (फाइल फोटो)

KEY HIGHLIGHTS
  • लाहौर में शनिवार को PTI की मेगा रैली।
  • पीटीआई की मेगा रैली से पहले कई पार्टी नेता गिरफ्तार।
  • पीटीआई ने खटखटाया कोर्ट का दरवाजा।

Pakistan: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) की पार्टी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि पंजाब पुलिस ने उसके संगठन पर कार्रवाई शुरू कर दी है और शनिवार को लाहौर में होने वाले उसके प्रस्तावित शक्ति प्रदर्शन से पहले पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है।

कहां होगी PTI की रैली

इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के नेता अली एजाज बुट्टर ने कहा कि पुलिस ने ‘पीटीआई’ के नेताओं अली इम्तियाज वराइच, अफजल फात और कई अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं को शनिवार (21 सितंबर) को लाहौर के मीनार-ए-पाकिस्तान के मैदान में होने वाले पार्टी के शक्ति प्रदर्शन से पहले हिरासत में ले लिया है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) सरकार की 'फासीवादी रणनीति' के बावजूद 'पीटीआई' लाहौर में एक ऐतिहासिक रैली आयोजित करेगी। 'पीटीआई' संस्थापक खान ने जनता से अपने घरों से बाहर निकलने और 21 सितंबर की रैली में भाग लेने को कहा है।

PTI ने खटखटाया कोर्ट का दरवाजा

'पीटीआई' नेता सनम जावेद ने कहा कि पंजाब, खासकर लाहौर के लोगों के लिए यह इमरान खान का समर्थन करने का एक शानदार अवसर है। इस बीच, 'पीटीआई' ने लाहौर उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर कर अनुरोध किया कि वह राज्य सरकार को शनिवार की रैली से पहले उसके नेताओं और कार्यकर्ताओं को परेशान न करने और गिरफ्तार नहीं किये जाने का आदेश दे।

याचिकाकर्ता की दलील है कि रैली करना किसी भी राजनीतिक दल का संवैधानिक और कानूनी अधिकार है और 'पीटीआई' को इस अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने अदालत से 'पीटीआई' सदस्यों की गिरफ्तारी रोकने के लिए आदेश जारी करने का आग्रह किया।

दूसरी ओर, पीएमएल-एन के एक कार्यकर्ता ने भी लाहौर उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की है जिसमें अनुरोध किया गया है कि 'पीटीआई' को पंजाब में रैली करने की अनुमति न दी जाये। संपर्क किए जाने पर पंजाब पुलिस के प्रवक्ता ने पंजाब और लाहौर में 'पीटीआई' कार्यकर्ताओं पर की गई कथित कार्रवाई पर कोई टिप्पणी नहीं की।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article