Pakistan News: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी की मुसीबत कम होने का नाम नहीं ले रही है। अब दोनों के निकाह को अवैध करार दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोर्ट ने इमरान खान और बुशरा बीबी को गैर-इस्लामिक निकाह मामले में 7-7 साल की सजा सुनाई है। जानकारी के मुताबिक, एक दिन पहले कोर्ट ने 14 घंटे तक चली सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था।
इमरान खान-बुशरा बीबी
कोर्ट ने माना है कि बुशरा बीबी और इमरान खान ने निकाह से पहले इद्दत को पूरा नहीं किया। दरअसल, बुशरा बीबी पर आरोप था कि उन्होंने अपने पहले पति फरीद मानेका को तलाक देने के बाद जरूरी वेटिंग पीरियर यानी इद्दत को पूरा नहीं किया और इमरान खान से शादी कर ली। शरियत के मुताबिक, इद्दत का वक्त 4 महीने 10 दिन का होता है।
7 साल की सजा के साथ 5 लाख जुर्माना
पाकिस्तान की अदालत ने गैर इस्लामिक निकाह मामले में इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 7-7 साल की सजा सुनाने के साथ ही दोनों पर 5-5 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। बता दें, बुशरा बीबी की पहली शादी फरीद मानेका से हुई थी, जो करीब 30 साल चली। बुशरा बीबी पंजाब के जमींदार परिवार से आती हैं। मानेका ने इमरान खान पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा, इमरान खान ने अनुयायी बनकर उनके घर में एंट्री ली और उनकी शादी तुड़वाकर 2018 में बुशराब बीबी से निकाह कर लिया।
अगस्त से जेल में बंद हैं इमरान खान
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री व पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के संस्थापक इमरान खान को गोपनीय दस्तावेज उजागर करने और तोशाखान मामलों में क्रमशः 10 और 14 साल की कैद की सजा सुनाई गई है। वह पिछले साल अगस्त से जेल में बंद हैं। उनकी पार्टी का चुनाव चिह्न क्रिकेट का बल्ला छीन लिया गया है, उनके और उनकी पार्टी के नेताओं के नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए हैं।
