दुनिया

'कार्यकाल खत्म होने के बाद भी नहीं छोड़ा पद तो कर देंगे बर्खास्त'; ट्रंप ने फेड रिजर्व के अध्यक्ष पॉवेल को दी धमकी

ट्रंप कई महीनों से पॉवेल को फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष पद से हटाना चाहते हैं। उनका कहना है कि पॉवेल ब्याज दरों में कटौती करने के मामले में बहुत सुस्त रहे हैं, जिससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था को गति मिल सकती है।

Image

क्या ट्रंप हटा सकते हैं फेड चेयरमैन पॉवेल को?

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर धमकी दी है कि अगर फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष जेरोम पॉवेल अगले महीने अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी केंद्रीय बैंक के शासी बोर्ड में बने रहने का फैसला करते हैं, तो उन्हें बर्खास्त कर दिया जाएगा। 'फॉक्स बिजनेस’ के साथ साक्षात्कार के दौरान जब ट्रंप से पॉवेल की इस टिप्पणी के बारे में पूछा गया कि वह उनके खिलाफ लंबित जांच के मद्देनजर पद से नहीं हटेंगे, तो फिर मुझे उन्हें बर्खास्त करना होगा।

पॉवेल ने कहा था कि अगर उनके उत्तराधिकारी की नियुक्ति की पुष्टि नहीं होती है, तो वह अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर निर्धारण समिति के अध्यक्ष बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि अगर जांच जारी रहती है, तो भी वह अधिक समय तक पद पर बने रह सकते हैं।

पॉवेल को फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष पद से हटाना चाहते हैं ट्रंप

ट्रंप कई महीनों से पॉवेल को फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष पद से हटाना चाहते हैं। उनका कहना है कि पॉवेल ब्याज दरों में कटौती करने के मामले में बहुत सुस्त रहे हैं, जिससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था को गति मिल सकती है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने फेडरल रिजर्व के पूर्व अधिकारी केविन वार्श को पॉवेल के उत्तराधिकारी के रूप में नामित किया है। हालांकि, वार्श की नियुक्ति में देरी हो रही है, क्योंकि न्याय विभाग पिछले साल जून में सीनेट बैंकिंग समिति के समक्ष फेडरल रिजर्व के भवन नवीनीकरण के बारे में पॉवेल की टिप्पणियों की जांच कर रहा है।

कौन हैं केविन वॉर्श ?

केविन वॉर्श वर्तमान में दक्षिणपंथी झुकाव वाले हूवर इंस्टीट्यूशन में फेलो हैं और स्टैनफोर्ड ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस में लेक्चरर के तौर पर कार्यरत हैं। वह 2006 से 2011 तक फेडरल रिजर्व बोर्ड के सदस्य रह चुके हैं। 35 वर्ष की उम्र में नियुक्त होने पर वे इतिहास के सबसे युवा फेड गवर्नर बने थे।वार्श को नीतिगत रूप से हॉकिश माना जाता है और वह लंबे समय से फेड की ढीली मौद्रिक नीति की आलोचना करते रहे हैं। फिलहाल, वॉर्श फेड के गवर्निंग बोर्ड में उस सीट को भरेंगे जो अस्थायी रूप से स्टीफन मिरान के पास थी, जिन्हें ट्रंप ने सितंबर में व्हाइट हाउस सलाहकार के रूप में नियुक्त किया था। बोर्ड में शामिल होने के बाद, ट्रंप मई में पॉवेल का कार्यकाल समाप्त होने पर वॉर्श को अध्यक्ष पद पर पदोन्नत कर सकते हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article