दुनिया

2024 US Presidential Debate: 'मेरा मूड ठीक रहा तो...' कमला हैरिस से दोबारा डिबेट पर बोले डोनाल्ड ट्रंप

2024 US Presidential Debate Updates in Hindi: अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव इस साल 5 नवंबर को होने वाले हैं। चुनाव से पहले बीते मंगलवार को डोनाल्ड ट्रंप और कमला हैरिस के बीच प्रेसिडेंशियल डिबेट हुई थी, जिसके बाद ट्रंप ने घोषणा की थी कि वह हैरिस के साथ दोबारा डिबेट में हिस्सा नहीं लेंगे।

Image

डोनाल्ड ट्रंप और कमला हैरिस।

Photo : AP

2024 US Presidential Debate Latest Updates: अमेरिकी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने कमला हैरिस के साथ दोबारा प्रेसिडेंशियल डिबेट के संकेत दिए हैं। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि अगर उनका मूड सही रहा तो वह उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ दूसरी बहस आयोजित करने पर पुनर्विचार करेंगे। इससे पहले गुरुवार को ट्रंप ने कमला हैरिस के साथ डिबेट करने से इंकार कर दिया था।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर उनका मूड सही रहा तो वे उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ दूसरी बहस आयोजित करने पर पुनर्विचार करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि हैरिस के साथ राष्ट्रपति पद की बहस के बारे में उनका विचार बदल सकता है। हालांकि, अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।

मैंने प्रेसिडेंशियल डिबेट में बेहतर प्रदर्शन किया

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, मैंने बहसों में शानदार प्रदर्शन किया और मुझे लगता है कि उन्होंने सभी सवालों के जवाब दे दिए हैं। लेकिन अगर मेरा मूड सही रहा तो शायद मुझे नहीं पता। उन्होंने दावा किया कि अभी मैं आगे चल रहा हूं। मीडिया द्वारा पूछे जाने पर कि हैरिस के साथ एक और बहस में भाग लेने के लिए उन्हें वास्तव में क्या चाहिए? ट्रंप ने जवाब दिया, मुझे किसी चीज की जरूरत नहीं होगी। मैं इसे कल कर सकता हूं, लेकिन मैंने दो बहसें की हैं। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ अपनी पिछली बहस का जिक्र किया।

पहले किया था डिबेट से इंकार

बता दें, इससे पहले पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की थी कि वह उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ अब किसी अन्य प्रेसिडेंशियल डिबेट में हिस्सा नहीं लेंगे। एक सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने गुरुवार को दावा किया था कि उन्होंने मंगलवार रात को फिलाडेल्फिया में एबीसी न्यूज द्वारा आयोजित बहस जीती है। वहीं डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हैरिस की प्रचार टीम ने भी पहली बहस में जीत का दावा किया है। शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, बहस देखने वालों के सीएनएन सर्वे से पता चला है कि 63 प्रतिशत लोग इस बात से सहमत थे कि हैरिस ने फिलाडेल्फिया बहस में बेहतर प्रदर्शन किया। फॉक्स न्यूज के मुताबिक, पैनल में शामिल 12 मतदाताओं ने सोचा कि हैरिस ने बहस जीती, जबकि पांच का मानना था कि ट्रंप जीते। कई लोगों ने कहा कि ट्रंप को नहीं पता कि राष्ट्रपति पद की दौड़ में अपने नए प्रतिद्वंद्वी पर कैसे हमला किया जाए।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article